---विज्ञापन---

‘धुरंधर 2’ की सफलता पर क्यों खामोश है बॉलीवुड? इंडस्ट्री की हरकत पर राम गोपाल वर्मा ने किया आगाह, बोले-‘दफन हो जाओगे…’

रणवीर सिंह स्टारर फिल्म धुरंधर द रिवेंज इन दिनों चर्चा में बनी हुई है. फिल्म लगातार बॉक्स ऑफिस पर बंपर कमाई कर रही है. इस मूवी ने सिर्फ 11 दिनों में अपने पहले पार्ट यानी कि धुरंधर का रिकॉर्ड तोड़ते हुए दुनिया भर में 1361.95 करोड़ का कलेक्शन कर लिया है. फिल्म की लोग लगातार तारीफ कर रहे हैं और इसका दर्शकों के बीच जबरदस्त क्रेज देखने को भी मिल रहा है. हालांकि कुछ ऐसे लोग भी हैं, जो इसे प्रोपेगेंडा बता रहा है. वहीं, बॉलीवुड इंडस्ट्री धुरंधर 2 की सफलता पर पूरी तरह से खामोश है. इस खामोशी पर नाराजगी जताते हुए जाने माने फिल्ममेकर राम गोपाल वर्मा ने एक लंबा चौड़ा पोस्ट किया है और इंडस्ट्री की जमकर आलोचना की है.

दरअसल, राम गोपाल वर्मा ने अपने एक्स हैंडल यानी कि ट्विटर पर धुरंधर 2 को लेकर पोस्ट किया है. उन्होंने पोस्ट करते हुए लिखा, "जब आदित्य धर ने फिल्म इंडस्ट्री के ठीक नीचे एक बड़ा धमाका कर दिया है, तो बाकी फिल्म इंडस्ट्री की खामोशी चौंकाने वाली है. मुझे नहीं पता कि ऐसा इसलिए है क्योंकि धुरंधर 2 के धमाकेदार विस्फोट ने फिल्म इंडस्ट्री के बाकी सभी लोगों को इतनी दूर अंतरिक्ष में फेंक दिया है कि उनकी तालियां इतनी लंबी दूरी के कारण यहां तक नहीं पहुंच पा रही है. या फिर वे एक दूसरे के साथ फुसफुसा रहे हैं कि ये सिर्फ प्रोपेगेंडा है. जल्द ही खत्म हो जाएगा. ताकि वे वापस से आकर अपनी वही पुरानी घिसी पिटी फिल्में बनाना शुरू कर सकें.

राम गोपाल ने आगे लिखा, " या फिर वे इस शानदार फिल्म को देखकर शॉक्ड हैं. यह महसूस करते हुए कि वे जो कुछ भी बना रहे हैं या बनाने की प्लानिंग कर रहे हैं. वह अब इसके सामने फीका पड़ जाएगा? लेकिन क्या धुरंधर 2 जैसी डायनासोर जैसी फिल्म को नजरअंदाज करना बहुत नासमझी नहीं है. जो आपके सामने खड़ी है और बॉक्स ऑफिस पर जबरदस्त दहाड़ के साथ आपकी आखों में आग उगल रही है? भला कोई इतना मूर्ख कैसे हो सकता है कि उससे मुंह फेर लें? फिल्म इंडस्ट्री में मेरे सभी साथियों को मेरी दिली सलाह है कि प्लीज धुरंधर 2 को गंभीरता से लें और इसे फिल्म निर्माण के एक नए कोर्स की तरह पढ़ें और खुद को शिक्षित करें, वरना 19 मार्च 2026 से पहले के सिनेमा के कब्रिस्तान में हमेशा के लिए दफन होने का खतरा है.

इतना ही नहीं राम गोपाल वर्मा ने आदित्य धर और उनकी पत्नी यानी कि एक्ट्रेस यामी गौतम के साथ मुलाकात की और दोनों के साथ एक तस्वीर शेयर करते हुए पोस्ट किया. उन्होंने लिखा, "मैं इस पावर कपल के साथ. फिल्मी हमज़ा रणवीर सिंह ने पाकिस्तानी आतंकवादियों का सफाया कर दिया और असली हमज़ा आदित्य धर ने भारतीय फिल्म निर्माताओं को हिला रहा है. आतंकवादी अपनी जान बचाने के लिए भाग सकते हैं, लेकिन फिल्म निर्माता अपनी फिल्मों को उसकी प्रतिभा से बचाने के लिए कहां भागेंगे?

आपको बता दें कि फिल्म इंडस्ट्री के तमाम ऐसे एक्टर और एक्ट्रेस हैं, जिन्होंने धुरंधर की सफलता पर चुप्पी बनाई हुई है. लिस्ट में अमिताभ बच्चन, अजय देवगन, आमिर खान, सलमान खान, विद्या बालन, रानी मुखर्जी, शाहिद कपूर, कटरीना कैफ, विक्की कौशल जैसे एक्टर्स अभी तक शांत है. इतना ही नहीं रणवीर सिंह की पत्नी दीपिका पादुकोण भी धुरंधर 2 की सफलता पर शांत है. हालांकि इंडस्ट्री में तमाम ऐसे एक्टर और एक्ट्रेस जिन्होंने धुरंधर 2 की तारीफ की है. जैसे कि साउथ के फेमस डायरेक्टर एसएस राजामौली ने धुरंधर की खूब सराहना की. इसके अलावा करण जौहर, ऋषभ शेट्टी, आलिया भट्ट, सोनू सूद, ऋतिक रोशन, कार्तिक आर्यन, अनन्या पांडे, प्रीति जिंटा, अल्लू अर्जुन, विजय देवरकोंडा, रजनीकांत ने भी फिल्म की खूब तारीफ की है.

धुरंधर 2 के बॉक्स ऑफिस कलेक्शन को लेकर बात करें तो फिल्म ने सिर्फ 11 दिनों में दुनिया भर में 1361.95 करोड़ का शानदार कलेक्शन कर लिया है. इसके अलावा फिल्म ने भारत में ग्रॉस कलेक्शन सैकनिल्क की रिपोर्ट के मुताबिक 1011.95 करोड़ कर लिया है. इस मूवी में रणवीर सिंह के अलावा सारा अर्जुन, संजय दत्त, अर्जुन रामपाल, आर माधवन जैसे एक्टर्स नजर आए थे.

First published on: Mar 30, 2026 10:27 AM

Get Breaking News First and Latest Updates from India and around the world on News24. Follow News24 on Facebook, Twitter.