---विज्ञापन---
कौन था रतन खत्री? जिसके खतरनाक साम्राज्य पर बेस्ड है विजय वर्मा की सीरीज ‘मटका किंग’

प्राइम वीडियो पर 17 अप्रैल 2026 को रिलीज हुई 'मटका किंग' सिर्फ एक वेब सीरीज नहीं, बल्कि 1960 के दशक की मुंबई के उस काले सच की एक झलक है, जिसने पूरे देश में सट्टेबाजी को एक उद्योग बना दिया था. विजय वर्मा ने इस सीरीज में 'ब्रिज भट्टी' की भूमिका निभाई है, जो एक मेहनत करने वाला कॉटन ट्रेडर है और देखते ही देखते 'मटका' जुए का बेताज बादशाह बन जाता है. यह पूरी सीरीज वास्तविक जीवन के 'मटका किंग' रतन खत्री के सफर पर आधारित है, जिन्होंने विभाजन के बाद मुंबई आकर अपनी मेहनत और चतुराई से जुए का एक ऐसा साम्राज्य खड़ा किया जो आज भी किंवदंतियों में गिना जाता है.

कौन था रतन खत्री?- रतन खत्री (1932 – 2020) को भारत का असली 'मटका किंग' माना जाता था. ब्रिटिश भारत के कराची में जन्मा खत्री, 1947 के विभाजन के बाद मुंबई आ गया था. उसने मटका नामक सट्टे के खेल को एक व्यवस्थित और अत्यधिक मुनाफे वाला धंधा बनाने में अहम भूमिका निभाई थी, जिसने उसे एक किंवदंती बना दिया.

'रतन मटका' की शुरुआत: कैसे बदला खेल?- शुरुआत में खत्री ने 'कल्याणजी' नामक एक सट्टेबाज के साथ काम करना शुरू किया, जो ताश के पत्तों के जरिए मटका खिलाते थे. लेकिन रतन खत्री की सोच अलग थी. 1964 में कल्याणजी से अलग होकर उन्होंने अपना खुद का सिंडिकेट शुरू किया, जिसे 'रतन मटका' या 'मेन बाजार मटका' कहा गया.

सीरीज की कहानी (बृज भट्टी का सफर)- सीरीज 1964 से 1975 के बीच के दौर को दिखाती है. कहानी एक साधारण कॉटन ट्रेडर बृज भट्टी (विजय वर्मा) के इर्द-गिर्द घूमती है. एक मेहनती व्यापारी से जुआ सरगना बनने का उनका सफर, शहर के कोने-कोने तक अपना नेटवर्क फैलाना और फिर उसके बाद आने वाली मुश्किलें, इसे एक बेहतरीन पीरियड ड्रामा बनाती हैं.

इमरजेंसी का दौर और पावर- सीरीज में केवल जुआ ही नहीं, बल्कि उस समय का सामाजिक और राजनीतिक माहौल (इमरजेंसी का दौर) भी दिखाया गया है. कैसे पैसा और ताकत इंसान के चरित्र को बदल देते हैं और कैसे अंत में बृज भट्टी का सामना कानून और अपने विरोधियों से होता है, यह सीरीज का मुख्य आकर्षण है.

दिग्गज स्टारकास्ट- विजय वर्मा के साथ इस सीरीज में बेहतरीन कलाकारों की फौज है. सई ताम्हनकर, कृतिका कामरा, गुलशन ग्रोवर और सिद्धार्थ जाधव ने अपने किरदारों को बहुत जीवंत तरीके से पेश किया है. इन सबका अभिनय सीरीज को एक अलग स्तर पर ले जाता है.

सीजन 2 का हिंट- सीरीज की कहानी के अंत में बृज भट्टी के जेल जाने तक के सफर को दिखाया गया है, जो एक ऐसे मोड़ पर खत्म होती है, जहां दर्शकों के लिए दूसरे सीजन की काफी संभावनाएं बन रही हैं. मेकर्स ने इसके सीक्वल के संकेत दे दिए हैं, जो इस कहानी को और आगे ले जाएगा.