---विज्ञापन---
POCSO केस के बीच रोहित चंदेल को मिला इस एक्ट्रेस का सपोर्ट, बोलीं- ‘दोनों पक्षों की बात सुननी चाहिए’
Rohit Chandel Controversy: टीवी एक्टर रोहित चंदेल इन दिनों गंभीर आरोपों की वजह से चर्चा में हैं. उनकी 16 साल की को-एक्ट्रेस के लगाए गए आरोपों के बाद मामला पुलिस तक पहुंच गया है और रोहित के खिलाफ पॉक्सो एक्ट समेत कई धाराओं में केस दर्ज किया गया है. इसी बीच उनके साथ टीवी शो 'सैराब' में काम कर रहीं एक्ट्रेस मदिराक्षी मुंडले खुलकर उनके सपोर्ट में सामने आई हैं.
एक्ट्रेस ने शेयर किया पोस्ट
मदिराक्षी ने अपनी इंस्टाग्राम स्टोरी पर एक पोस्ट शेयर करते हुए लोगों से जल्दबाजी में किसी नतीजे पर न पहुंचने की अपील की. उन्होंने लिखा, 'मेरा मानना है कि किसी भी मामले में फैसला करने से पहले दोनों तरफ की बात सुननी चाहिए. अभी हम सिर्फ एक पक्ष की बात सुन रहे हैं, इसलिए दूसरे पक्ष को भी अपनी बात रखने का मौका मिलना चाहिए. मैं आपके साथ हूं रोहित. सच सामने आने में थोड़ा समय लगता है.'
पोस्ट में लिखी एक्टर के सपोर्ट में बात
मदिराक्षी की इस पोस्ट के बाद सोशल मीडिया पर नई बहस छिड़ गई है. कुछ लोग उनके समर्थन को सही बता रहे हैं, जबकि कई यूजर्स का कहना है कि मामले की जांच पूरी होने तक किसी के पक्ष में खुलकर बोलना ठीक नहीं है.
क्या है पूरा मामला?
दरअसल, रोहित चंदेल की नाबालिग को-एक्ट्रेस ने उन पर पीछा करने, परेशान करने और मारपीट करने जैसे गंभीर आरोप लगाए हैं. शिकायत के अनुसार, अभिनेता ने दिसंबर 2025 से जुलाई 2026 के बीच कई बार फोन कर उन्हें परेशान किया. पुलिस पूछताछ के दौरान रोहित ने यह स्वीकार किया कि वह लड़की से मिलने जाते थे. इसके बाद पुलिस ने उनके खिलाफ पॉक्सो एक्ट के अलावा भारतीय न्याय संहिता (BNS) की धारा 78 (पीछा करना) और धारा 115(2) (चोट पहुंचाने) के तहत मामला दर्ज कर लिया.
पुलिस मामले की जांच में जुटी
फिलहाल, पुलिस पूरे मामले की जांच कर रही है और आगे की कानूनी प्रक्रिया जारी है. इस बीच रोहित चंदेल को लेकर टीवी इंडस्ट्री भी दो हिस्सों में बंटी नजर आ रही है. जहां कुछ लोग उनके समर्थन में आवाज उठा रहे हैं, वहीं कई लोग आरोपों को गंभीर बताते हुए निष्पक्ष जांच की मांग कर रहे हैं.
दो भाग में बंटा इंटरनेट
रोहित और मदिराक्षी की ऑनस्क्रीन जोड़ी 'सैराब' में दर्शकों के बीच काफी पसंद की जाती रही है. ऐसे में मदिराक्षी का यह खुला समर्थन अब सोशल मीडिया पर चर्चा का बड़ा विषय बन गया है. अब सभी की नजर पुलिस जांच और इस मामले में सामने आने वाले अगले अपडेट पर टिकी हुई है.
E24 पर पढ़ें बॉलीवुड , टीवी, OTT , सेलिब्रिटी लाइफ, Box Office , वायरल मनोरंजन खबरों और एक्सक्लूसिव इंटरव्यू से जुड़ी हर बड़ी अपडेट। एंटरटेनमेंट की दुनिया की ताजा और दिलचस्प खबरों के लिए जुड़े रहिए E24 के साथ। Follow E24bollywood on Facebook, Twitter.