---विज्ञापन---
शिल्पा शिंदे के झूठे यौन उत्पीड़न आरोपों पर राम कपूर का तीखा बयान, बोले- ‘अब लोग भरोसा नहीं करेंगे’
'लॉक अप 2' में इन दिनों लगातार ड्रामा देखने को मिल रहा है. हाल ही में शो में शिल्पा शिंदे ने वाइल्ड कार्ड एंट्री ली है और उनके आने के बाद से वह लगातार किसी न किसी कंटेस्टेंट के साथ बहस करती नजर आ रही हैं. हालिया एपिसोड में कंटेस्टेंट दो गुटों में बंट गए. एक ओर श्रेया कालरा, माधुरी जैन और शिल्पा शिंदे थीं, जबकि दूसरी ओर बाकी सभी कंटेस्टेंट थे. घर में बढ़ते तनाव के बीच टीवी एक्टर राम कपूर और शिल्पा शिंदे के बीच भी तीखी बहस हो गई. इस दौरान राम कपूर ने निर्माता के खिलाफ दर्ज कराए गए यौन उत्पीड़न के मामले का जिक्र करते हुए शिल्पा पर तंज कसा.
शिल्पा शिंदे की हुई बहस
'लॉक अप 2' के हालिया एपिसोड में खाने को लेकर श्रेया कालरा और आकांक्षा चौधरी के बीच विवाद हो गया. इसी दौरान आकांक्षा ने शिल्पा के सामने अपना 'फैन फेवरेट कंटेस्टेंट ऑफ द वीक' का टैग दिखाने की कोशिश की और कथित तौर पर उनका रास्ता रोक लिया. इस पर शिल्पा ने आकांक्षा को हाथ से एक तरफ कर दिया. इससे नाराज होकर आकांक्षा ने उन्हें चेतावनी दी कि वह उन्हें दोबारा हाथ न लगाएं.
शिल्पा शिंदे के केस पर राम कपूर ने कसा तंज
आकांक्षा के करीबी दोस्त योगेश रावत भी इस बहस में शामिल हो गए. उन्होंने शिल्पा पर कमेंट करते हुए कहा, "मैम, प्लीज केस फाइल करना. मुझे केस से बहुत डर लगता है." योगेश की बात पर राम कपूर ने भी शिल्पा पर तंज कसते हुए कहा, "अब अगर वह कोई केस करेंगी, तो कोई उनकी बात पर विश्वास नहीं करेगा. एक बार धोखा खाने के बाद इंसान संभल जाता है. यह बिल्कुल 'शेर आया' वाली कहानी जैसा है. यही वह सच्चाई है, जिसका सामना उन्हें पूरी जिंदगी करना होगा."
योगेश रावस ने शिल्पा को दिया करारा जवाब
इसके बाद योगेश ने कहा, "थोड़ी शर्म करो. हम राम कपूर और सुनीता आहूजा का कितना सम्मान करते हैं. देखो, हम आपसे कैसे बात कर रहे हैं. सम्मान कमाया जाता है, मांगा नहीं जाता."
हिना खान ने शिल्पा के केस पर कही थी ये बात
बता दें कि इस मामले पर हिना खान ने भी रुबीना दिलैक के पॉडकास्ट में अपनी राय रखी थी. उन्होंने कहा, "उन्होंने 'बिग बॉस' में कहा था कि उन्हें गलत हालात का सामना करना पड़ा और मेकर्स ने उनकी जिंदगी नर्क बना दी थी. लेकिन क्या उन्होंने एक बार भी यह बताया कि उन्होंने निर्माता के खिलाफ यौन उत्पीड़न का झूठा मामला दर्ज कराया था? क्योंकि उन्हें पता था कि अगर वह ऐसा कहतीं, तो शायद वह शो नहीं जीत पातीं."
क्या है शिल्पा शिंदे का मामला
शिल्पा शिंदे ने 'भाभीजी घर पर हैं' के निर्माता संजय कोहली के खिलाफ यौन उत्पीड़न का मामला दर्ज कराया था, जिसे लेकर काफी विवाद हुआ था. जिसके बाद खुद एक्ट्रेस ने खुलासा किया था कि उन्होंने यह झूठा केस दर्ज किया था. जिसके बाद 'लॉक अप 2' में भी कई कंटेस्टेंट्स ने इस मामले पर अपनी राय रखी. हालांकि, शिल्पा ने अपना बचाव करते हुए कहा, "मैंने कानून का सहारा लिया था, उसका गलत इस्तेमाल नहीं किया."
E24 पर पढ़ें बॉलीवुड , टीवी, OTT , सेलिब्रिटी लाइफ, Box Office , वायरल मनोरंजन खबरों और एक्सक्लूसिव इंटरव्यू से जुड़ी हर बड़ी अपडेट। एंटरटेनमेंट की दुनिया की ताजा और दिलचस्प खबरों के लिए जुड़े रहिए E24 के साथ। Follow E24bollywood on Facebook, Twitter.