---विज्ञापन---
टीवी की दुनिया से की इस एक्टर ने शुरुआत, लगातार रिजेक्शन, लेकिन फिर एक फिल्म ने बदली किस्मत

टीवी इंडस्ट्री से तमाम एक्टर और एक्ट्रेस ने अपने एक्टिंग करियर की शुरुआत की. इसमें से विद्या बालन, शाहरुख खान जैसे कलाकार भी शामिल हैं. जिन्होंने टीवी इंडस्ट्री से अपना नाम कमाया और फिर फिल्मों में पहचान हासिल की. वहीं, आज हम एक ऐसे ही एक्टर के बारे में बात करने जा रहे हैं, जिन्होंने अपने करियर की शुरुआत टीवी से की, लेकिन फिर फिल्मों में खूब नाम कमाया. इस एक्टर की किस्मत सिर्फ एक मूवी के बाद पूरी तरह से बदल गई. तो चलिए जानते हैं इसके बारे में.

दरअसल, हम बात कर रहे हैं एक्टर विक्रांत मैसी की. जो आज अपना 38वां जन्मदिन मना रहे हैं. 3 अप्रैल 1987 को मुंबई में जन्मे विक्रांत की माता एक सिख हैं और पिता क्रिश्चियन. एक्टर के बड़े भाई हैं, जिनका नाम मोइन है और वो इस्लाम धर्म को फॉलो करते हैं. विक्रांत ने मुंबई के सेंट एंथोनी हाई स्कूल से पढ़ाई की और अपनी कॉलेज की पढ़ाई उन्होंने आर.डी नेशनल कॉलेज ऑफ आर्ट्स एंड साइंस से की.

विक्रांत ने एक्टिंग करियर की शुरुआत साल 2007 में आए टीवी शो धूम मचाओ धूम से की. इसके बाद वह साल 2008 में रजत टोकस के साथ शो धर्म वीर में भी नजर आए. साथ ही वह बालिका वधू में भी नजर आए. विक्रांत को सबसे ज्यादा पहचान ‘बाबा ऐसो वर ढूंढो’ शो से मिली थी. इन सभी के अलावा वह कबूल है, ये है आशिकी, अजब गजब घर जमाई में भी नजर आए.

विक्रांत ने फिल्मों में साल 2013 में आई रणवीर सिंह की फिल्म लूटेरा में नजर आए थे. इसके बाद वह अ डेथ इन द गंज, हाफ गर्लफ्रेंड, छपाक, सेक्टर 36, गैसलाइट, मिर्जापुर सीरीज में भी दिखाई दिए हैं. हालांकि विक्रांत को असली पहचान साल 2023 में आई मूवी से मिली थी.

विक्रांत को 2023 की मूवी 12वीं फेल से पॉपुलैरिटी मिली थी. यह फिल्म आईपीएस ऑफिसर मनोज कुमार शर्मा के बारे में है. फिल्म की कहानी बेहद शानदार है, जो हर यूपीएससी की तैयारी करने वाले शख्स को भावुक कर देती है. 20 करोड़ के बजट में बनी इस मूवी ने 65 करोड़ से ज्यादा का कलेक्शन किया था और यह बॉक्स ऑफिस पर हिट रही थी. इतना ही नहीं इस फिल्म के लिए विक्रांत को बेस्ट एक्टर के तौर पर नेशनल अवॉर्ड भी मिला था.

बता दें कि विक्रांत मैसी तमाम वेब सीरीज में भी काम कर चुके हैं. वह सुपरहिट सीरीज मिर्जापुर, क्रिमिनल जस्टिस, ब्रोकन बट ब्यूटीफुल, मेड इन हेवन, क्राइम आज कल, जैसी सीरीज में नजर आ चुके हैं.

काम को लेकर बात करें तो हाल ही में विक्रांत मैसी शाहिद कपूर स्टारर फिल्म ओ रोमियो में दिखाई दिए थे. इसके अलावा वह मुसाफिर कैफे में नजर आएंगे.