---विज्ञापन---
Netflix पर तहलका मचा रहीं ये 5 तगड़ी सीरीज, हर कदम पर बिछा है सस्पेंस का जाल

मनोरंजन की दुनिया में नेटफ्लिक्स (Netflix) एक ऐसा ठिकाना बन गया है, जहां बॉलीवुड के देसी तड़के से लेकर हॉलीवुड और कोरियन ड्रामा का अंतरराष्ट्रीय स्वाद, सब कुछ एक ही जगह मिल जाता है. नेटफ्लिक्स इंडिया पर हर हफ्ते कई प्रोजेक्ट्स रिलीज होते हैं, लेकिन कुछ शोज अपनी मजबूत कहानी के दम पर टॉप ट्रेंड्स में अपनी जगह पक्की कर लेते हैं.

वन पीस सीजन 2 (One Piece Season 2)- दुनियाभर में मशहूर मांगा और एनीमे पर आधारित यह लाइव-एक्शन सीरीज एक एडवेंचरस पायरेट कहानी है. इसमें मंकी डी लफी अपने क्रू के साथ 'वन पीस' खजाने की तलाश में निकलता है. सीजन 2 में कहानी 'ग्रैंड लाइन' में प्रवेश करती है, जहां चुनौतियां और भी भयानक हैं. दोस्ती, सपनों और हाई-सीक्वेंस एक्शन से भरी इस सीरीज को IMDb पर 8.4 की शानदार रेटिंग मिली है.

हैलो बच्चों (Hello Baccho)- अगर आप 'कोटा फैक्ट्री' जैसी प्रेरणादायक कहानियों के शौकीन हैं, तो टीवीएफ (TVF) की यह बायोग्राफिकल ड्रामा सीरीज आपको जरूर देखनी चाहिए. विनीत कुमार सिंह इसमें एक साधारण फिजिक्स टीचर के रोल में हैं, जो ऑनलाइन शिक्षा के जरिए गरीब बच्चों का डॉक्टर-इंजीनियर बनने का सपना पूरा करते हैं. संघर्ष और मोटिवेशन से भरी इस सीरीज को IMDb पर 8.1 रेटिंग मिली है.

रेडियोएक्टिव इमरजेंसी (Radioactive Emergency)- चेरनोबिल (Chernobyl) जैसी वास्तविक घटनाओं पर आधारित थ्रिलर पसंद करने वालों के लिए यह 5 एपिसोड की मिनी-सीरीज बेहतरीन विकल्प है. यह 1987 में ब्राजील में हुई एक असली रेडियोलॉजिकल आपदा पर आधारित है. कैसे एक रहस्यमयी चमकदार पदार्थ हजारों लोगों की जान के लिए खतरा बन जाता है, यह देखना रोंगटे खड़े कर देता है. IMDb पर इसे 7.7 की रेटिंग मिली है.

मामला लीगल है (Maamla Legal Hai)- पटपड़गंज जिला अदालत की मजेदार दुनिया और वकीलों के अनोखे केस लेकर आई यह सीरीज एक स्मार्ट लीगल कॉमेडी है. रवि किशन और निधि बिष्ट जैसे कलाकारों ने कोर्टरूम की उथल-पुथल को बहुत ही रिलेटेबल तरीके से पेश किया है. 3 अप्रैल को इसका सीजन 2 आने वाला है, जिससे पहले दर्शक इसके पहले सीजन को जमकर 'रि-वॉच' कर रहे हैं. IMDb रेटिंग: 7.5 है.

तस्करी (Taskaree)- नीरज पांडे के निर्देशन में बनी यह क्राइम थ्रिलर सीरीज दिल्ली एयरपोर्ट के कस्टम्स विभाग की अनकही कहानी दिखाती है. इमरान हाशमी ने इसमें एक ईमानदार अधिकारी 'अर्जुन मीणा' का किरदार निभाया है, जो सोने और ड्रग्स की तस्करी करने वाले एक शक्तिशाली सिंडिकेट से लोहा लेता है. सस्पेंस और रियलिस्टिक एक्शन से भरपूर इस सीरीज को IMDb पर 7.1 रेटिंग मिली है.