---विज्ञापन---

10 करोड़ का बजट और 233 करोड़ का कलेक्शन, सिनेमाघरों में तबाही मचाने के बाद ओटीटी पर रिलीज हो रही ये ब्लॉकबस्टर फिल्म

सिनेमा की दुनिया में अक्सर कंटेंट, स्टारडम पर भारी पड़ता है और 'वाझा 2' इसका सबसे नया और बेहतरीन उदाहरण है. 2 अप्रैल को रिलीज हुई इस फिल्म ने उस वक्त सिनेमाघरों में दस्तक दी थी, जब 'धुरंधर: द रिवेंज' की लहर चल रही थी. इसके बावजूद, फिल्म ने अपनी बेहतरीन कहानी के दम पर ऑडियंस का दिल जीत लिया. विपिन दास के निर्देशन में बनी यह फिल्म न केवल साल की सबसे बड़ी सरप्राइज हिट साबित हुई, बल्कि इसने कमाई के मामले में कई स्थापित रिकॉर्ड्स को भी ध्वस्त कर दिया. सोशल मीडिया स्टार हाशिर और उनके साथियों की इस फिल्म ने यह साबित कर दिया कि अगर कहानी में दम हो, तो बिना किसी बड़े सुपरस्टार के भी बॉक्स ऑफिस पर तबाही मचाई जा सकती है.

बजट से 23 गुना ज्यादा कमाई

फिल्म का बजट करीब 10 करोड़ रुपये था, लेकिन इसने दुनियाभर में 233.63 करोड़ रुपये का ग्रॉस कलेक्शन किया है. अकेले भारत में फिल्म ने 128 करोड़ रुपये बटोरे. अपने बजट के मुकाबले इतनी भारी कमाई करना इसे साल की सबसे सफल फिल्मों में से एक बनाता है.

---Advertisement---

सबसे तेज 100 करोड़ का रिकॉर्ड

'वाझा 2' ने मलयालम सिनेमा के बड़े रिकॉर्ड तोड़ दिए हैं. इसने महज 7 दिनों में वर्ल्डवाइड 100 करोड़ का आंकड़ा पार कर लिया. इसी के साथ इसने मोहनलाल की 'थुदारुम' (19 दिन) और कल्याणी प्रियदर्शन की 'लोका: चैप्टर 1' (24 दिन) जैसी बड़ी फिल्मों को पीछे छोड़ दिया है.

सोशल मीडिया स्टार्स का जलवा

फिल्म की कास्ट काफी दिलचस्प है. इसमें हाशिर, एलन और विनायक जैसे कलाकार हैं, जिन्होंने इंस्टाग्राम रील्स और शॉर्ट वीडियो के जरिए पहचान बनाई थी. इन युवाओं की लोकप्रियता ने फिल्म को युवाओं के बीच जबरदस्त 'हाइप' दिलाने में मदद की. इनके साथ अजू वर्गीस और विजय बाबू जैसे मंझे हुए कलाकार भी नजर आए.

---Advertisement---

दोस्ती और आत्म-बोध की कहानी

फिल्म की कहानी चार दोस्तों के इर्द-गिर्द घूमती है. उनके स्कूल के दिनों से लेकर वयस्क (Adulthood) होने तक के सफर को बड़े ही मजेदार और भावुक अंदाज में दिखाया गया है. यह फिल्म बताती है कि कैसे मस्ती-मजाक करने वाले लड़के जिंदगी की हकीकत से रूबरू होते हैं. इसकी 8.3 IMDb रेटिंग इसकी बेहतरीन कहानी की गवाही देती है.

इस दिन और यहां होगी ओटीटी रिलीज

सिनेमाघरों में सफलता के झंडे गाड़ने के बाद अब यह फिल्म घर बैठे देखने के लिए उपलब्ध होगी. 'वाझा 2' आगामी 8 मई को ओटीटी प्लेटफॉर्म जियो हॉटस्टार पर स्ट्रीम की जाएगी. जो लोग इसे थिएटर्स में नहीं देख पाए, उनके लिए यह एक बेहतरीन मौका है.

First published on: May 05, 2026 06:49 PM

Get Breaking News First and Latest Updates from India and around the world on News24. Follow News24 on Facebook, Twitter.