---विज्ञापन---
क्यों भरी महफिल में छलके Riteish Deshmukh के आंसू? पत्नी Genelia D’Souza भी छुपाती नजर आईं आंसू, वजह तोड़ देगी दिल

भरी महफिल में जब आंखें नम हों, तो वजह जरूर दिल से जुड़ी होती है, और कुछ ऐसा ही देखने को मिला रितेश देशमुख और जेनेलिया डिसूजा के साथ, मुंबई में आयोजित फिल्म राजा शिवाजी के ट्रेलर लॉन्च इवेंट में ये पावर कपल अचानक इमोशनल हो गया.

हमेशा मुस्कुराते और खुश नजर आने वाले रितेश और जेनेलिया को इस तरह भावुक देख फैंस भी हैरान रह गए. माहौल ऐसा हो गया, कि वहां मौजूद कई लोगों की आंखें भी नम हो गईं.

दरअसल, ये फिल्म दोनों के दिल के बेहद करीब है. राजा शिवाजी रितेश देशमुख का ड्रीम प्रोजेक्ट है, जिसे बनाने में उन्हें करीब 10 साल लग गए. खास बात ये है, कि इस फिल्म के जरिए रितेश ने डायरेक्शन की कमान संभाली है. वहीं जेनेलिया इस फिल्म की प्रोड्यूसर हैं. ऐसे में ये सिर्फ एक फिल्म नहीं, बल्कि दोनों की मेहनत, संघर्ष और इमोशन्स का नतीजा है.

इवेंट के दौरान रितेश ने अपने दिवंगत पिता को याद किया, और यहीं उनकी भावनाएं काबू से बाहर हो गईं. उन्होंने बताया, कि इस फिल्म के सफर में उन्हें कई मुश्किलों का सामना करना पड़ा. पिता की याद और लंबे संघर्ष का जिक्र करते हुए, उनकी आंखों से आंसू छलक पड़े.

इतना ही नहीं, रितेश ने संजय दत्त के साथ अपनी पहली मुलाकात को भी याद किया. उन्होंने बताया कि संजय दत्त और उनके पिता के बीच खास रिश्ता था, जो इस फिल्म को और भी खास बना देता है.

पति को इस तरह टूटता देख जेनेलिया भी खुद को संभाल नहीं पाईं, और उनकी आंखों से भी आंसू बहने लगे. इस दौरान रितेश ने खुलकर कहा, कि जेनेलिया उनकी सबसे बड़ी ताकत हैं, और हर मुश्किल वक्त में उनके साथ खड़ी रहती हैं.

फिल्म की बात करें, तो राजा शिवाजी में रितेश देशमुख छत्रपति शिवाजी महाराज के किरदार में नजर आएंगे. फिल्म में विद्या बालन और अभिषेक बच्चन जैसे बड़े सितारे भी अहम भूमिकाओं में हैं.

रितेश ने इवेंट में कहा, कि जब उन्होंने 2023 में इस फिल्म पर काम शुरू किया, तो उन्हें ऐसा लगा, जैसे खुद शिवाजी महाराज का आशीर्वाद उनके साथ है. ये फिल्म 1 मई 2026 को सिनेमाघरों में रिलीज होगी. अब देखना दिलचस्प होगा, कि ये इमोशनल सफर दर्शकों के दिलों को कितना छू पाता है.