---विज्ञापन---

सुपरहिट फिल्म में किया काम, लेकिन नहीं मिला 1 भी धेला… 44 साल बाद ये फिल्म बनी किस्मत की चाबी, रातोंरात बना दिया इंटरनेट सेंसेशन

बॉलीवुड के दिग्गज एक्टर इन दिनों अचानक सुर्खियों में हैं. दशकों से इंडस्ट्री में काम करने वाले इस कलाकार को अब जाकर वो पहचान और कामयाबी मिल रही है, जिसके वे लंबे समय से हकदार थे. हाल ही में रिलीज हुई फिल्म 'धुरंधर' में उनके किरदार 'जमील जमाली' और खासकर उनका डायलॉग 'बच्चा है तू मेरा' सोशल मीडिया पर जबरदस्त ट्रेंड कर रहा है. यूथ से लेकर मीम क्रिएटर्स तक, हर कोई उनके इस अंदाज का दीवाना हो गया है.

दिलचस्प बात ये है, कि आज जिस एक्टर के पास विज्ञापनों की लाइन लगी है, कभी उन्हें सुपरहिट फिल्म 'साथ-साथ' के लिए एक भी पैसा नहीं मिला था. खुद राकेश बेदी ने इस बात का खुलासा किया. उन्होंने बताया कि उस समय हालात ऐसे थे, कि उन्हें फिल्म में काम करने के बावजूद न तो फीस मिली, और न ही आने-जाने का खर्च. यहां तक कि वे घर से अपना खाना लेकर सेट पर पहुंचते थे.

हाल ही में कोरियोग्राफर और डायरेक्टर फराह खान उनसे मिलने उनके घर पहुंचीं. बातचीत के दौरान फराह ने मजाक में पूछा, कि क्या अब उन्हें उनके काम का सही पैसा मिल रहा है? इस पर राकेश बेदी ने हंसते हुए, पुराने दिनों को याद किया, और माना कि पहले इंडस्ट्री का माहौल बिल्कुल अलग था.

अब वक्त बदल चुका है. 'धुरंधर' की सफलता के बाद राकेश बेदी की किस्मत चमक उठी है. कंपनियां उन्हें विज्ञापनों के लिए अप्रोच कर रही हैं, और सोशल मीडिया पर उनकी पॉपुलैरिटी तेजी से बढ़ रही है. उनकी पत्नी का भी मानना है, कि इस नई सफलता में सोशल मीडिया का बड़ा योगदान है. आज फैंस खुद ही उनके वीडियो और डायलॉग वायरल कर रहे हैं, जिससे वे रातोंरात इंटरनेट सेंसेशन बन गए हैं.

फिल्म को लेकर कुछ क्रिटिक्स भी सामने आए हैं, लेकिन राकेश बेदी ने इसे बेहद हल्के-फुल्के अंदाज में लिया. उन्होंने कहा कि अब उनके फैंस ही उनके काम का बचाव करते हैं, और यही उनके लिए सबसे बड़ी खुशी की बात है.

इस नई सफलता ने उनके परिवार को भी भावुक कर दिया है. उनकी बेटी फिल्म देखकर खुद को रोक नहीं पाईं, और उन्हें गले लगाकर रो पड़ीं. पत्नी ने भी कहा कि अब बच्चों को समझ आया है, कि असली शोहरत क्या होती है. बहरहाल, राकेश बेदी की ये कहानी साबित करती है, कि सच्चा टैलेंट कभी बेकार नहीं जाता, बस सही वक्त का इंतजार करता है.

First published on: Apr 21, 2026 04:25 PM

Get Breaking News First and Latest Updates from India and around the world on News24. Follow News24 on Facebook, Twitter.