---विज्ञापन---
राहुल अरुणोदय बनर्जी का 6 साल चला था तलाक का केस, लेकिन फिर बेटे के खातिर उठाया था ये बड़ा कदम

बंगाली फिल्म इंडस्ट्री के जाने माने एक्टर राहुल अरुणोदय बनर्जी का 29 मार्च 2026 की शाम को निधन हो गया है. उनके निधन से इंडस्ट्री शोक में डूब गई है. एक्टर ने 43 साल की उम्र में अंतिम सांस ली है. जानकारी के मुताबिक एक्टर शूटिंग के लिए दीघा के तालसारी इलाके में थे, जहां पर उनकी डूबने के कारण मौत हो गई. इस घटना के बाद से वह लगातार चर्चा में है.

राहुल न सिर्फ अपने काम को लेकर बल्कि अपनी पर्सनल लाइफ को लेकर खूब चर्चा में बने रहते थे. दरअसल, एक्टर की शादीशुदा जिंदगी में तब उथल पुथल आ गई थी, जब एक्टर को लेकर मीडिया में खबरें फैली थी कि उनका अफेयर चल रहा है.

दरअसल, राहुल और प्रियंका का शादी साल 2010 में हुई थी और कपल ने 2013 में अपने बेटे सोहज का स्वागत किया था. हालांकि कपल की शादी में उस दौरान दिक्कतें आ गईं, जब राहुल को लेकर खबरें आने लगीं कि एक्टर का अफेयर चल रहा है. एक्टर का नाम बंगाली एक्ट्रेस संदीप्ता सेन से जुड़ा था. जिसके बाद साल 2017 में दोनों ने अलग होने का फैसला किया और तलाक के लिए अर्जी दी. तलाक का यह केस लगभग 6 साल तक चला था.

हालांकि लगातार 6 साल तक चले इस केस में एक वक्त पर ऐसा मोड़ आया जब राहुल और प्रियंका ने अपने बेटे के खातिर फिर से साथ आने का फैसला किया. क्योंकि इस तलाक की प्रोसेस के दौरान राहुल अपने बेटे से मिल नहीं पाते थे और इस दूरी से वह खासा परेशान हो गए थे. जिसके बाद उन्होंने यह कदम उठाया था.

बता दें कि राहुल और प्रियंका के बीच 8 साल का अंतर है. राहुल जहां 43 साल के हो गए थे. वहीं मार्च 2026 में प्रियंका भी 35 साल की हो गई. इस तरह से प्रियंका राहुल से 8 साल छोटी हैं.

राहुल जहां बंगाली फिल्म इंडस्ट्री के जाने माने एक्टर थे, वहीं उनकी पत्नी प्रियंका भी एक्टिंग कर चुकी हैं. उन्होंने 12 साल की उम्र से ही एक्टिंग शुरू कर दी थी. वह साल 2005 में फिल्म दादार आदेश में नजर आईं थी और इसके अलावा वह 2008 की मूवी चिरोदिनी तुम जे आमार में भी दिखाई दीं. इस फिल्म में उनके साथ राहुल नजर आए थे. बता दें कि प्रियंका तमाम टीवी शो और फिल्मों में नजर आ चुकी हैं.