---विज्ञापन---
Panchayat Season 5: फैंस का इंतजार हुआ खत्म, ‘फुलेरा’ गांव में फिर लगी ‘पंचायत’, सीजन 5 से सामने आईं नईं तस्वीरें

Panchayat Season 5: OTT की दुनिया में अगर किसी सीरीज ने दिल से लोगों को जोड़ा है, तो वो है 'पंचायत', गांव की सादगी, हल्का-फुल्का ह्यूमर और दिल छू लेने वाली कहानी के दम पर इस शो ने अपनी अलग पहचान बनाई है. अब फैंस के लिए बड़ी खुशखबरी सामने आई है. 'पंचायत' सीजन 5 की शूटिंग शुरू हो चुकी है.

दरअसल, Prime Video ने 3 अप्रैल को 'पंचायत' के 6 साल पूरे होने के मौके पर इस नए सीजन का ऐलान किया. इसी के साथ सेट से कुछ बिहाइंड द सीन्स (BTS) तस्वीरें भी शेयर की गईं, जो सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हो रही हैं.

इन तस्वीरों में 'फुलेरा' गांव की वही पुरानी टीम नजर आ रही है, जिसे दर्शक बेहद पसंद करते हैं. जितेंद्र कुमार ( सचिव जी), नीना गुप्ता (मंजू देवी), रघुबीर यादव (प्रधान जी), फैसल मलिक (प्रह्लाद चा) समेत सभी कलाकार सेट पर हंसते-मुस्कुराते दिख रहे हैं. इन तस्वीरों ने साफ कर दिया है, कि एक बार फिर वही मजेदार केमिस्ट्री देखने को मिलेगी.

'पंचायत' का चौथा सीजन पहले ही दर्शकों के बीच बड़ा हिट साबित हो चुका है. रिलीज होते ही इसने भारत ही नहीं, बल्कि अमेरिका, कनाडा, यूके और यूएई जैसे कई देशों में टॉप 10 में जगह बनाई थी. पहले हफ्ते में ही इसे रिकॉर्ड तोड़ व्यूअरशिप मिली, जिसने साबित कर दिया, कि इस सीरीज की पॉपुलैरिटी लगातार बढ़ रही है.

सीजन 4 का क्लाइमैक्स कई सवाल छोड़ गया था. सचिव जी अपने CAT रिजल्ट के बाद आगे क्या फैसला लेंगे? मंजू देवी चुनाव हारने के बाद कैसे वापसी करेंगी? और प्रधान जी इस झटके से कैसे उबरेंगे?

सीजन 5 की कहानी इसी मोड़ से आगे बढ़ेगी. इस बार दर्शकों को और ज्यादा ड्रामा, इमोशन और फुलेरा स्टाइल का देसी ह्यूमर देखने को मिलेगा. साथ ही कुछ नए ट्विस्ट भी कहानी को और दिलचस्प बनाएंगे.

इस सीरीज को The Viral Fever (TVF) ने प्रोड्यूस किया है. इसे दीपक कुमार मिश्रा और चंदन कुमार ने मिलकर तैयार किया है. लेखन और डायरेक्शन की ये जोड़ी पहले भी शो को सफल बना चुकी है, इसलिए इस बार भी फैंस को बड़ी उम्मीदें हैं.

हालांकि, मेकर्स ने अभी 'पंचायत 5' की रिलीज डेट का खुलासा नहीं किया है, लेकिन शूटिंग शुरू होने के बाद उम्मीद की जा रही है, कि जल्द ही ये सीरीज दर्शकों के सामने होगी.

फिलहाल, फैंस एक बार फिर फुलेरा गांव लौटने के लिए बेताब हैं, जहां छोटी-छोटी बातों में बड़ी कहानियां छुपी होती हैं. जिसको लेकर फैंस की एक्साइटमेंट अलग ही नजर आती है.