---विज्ञापन---
4000 करोड़ की ‘रामायण’ की स्टारकास्ट है पढ़ाई में भी जीनियस, जानें किसके पास है कौनसी डिग्री?

Ramayana Starcast Education: नितेश तिवारी की मेगा बजट फिल्म 'रामायण' इन दिनों हर तरफ चर्चा में बनी हुई है. हाल ही में रिलीज हुए टीजर ने सोशल मीडिया पर जबरदस्त हलचल मचा दी है. भव्य विजुअल्स, दमदार बैकग्राउंड स्कोर और स्टारकास्ट की पहली झलक ने फैंस की एक्साइटमेंट कई गुना बढ़ा दी है, लेकिन क्या आप जानते हैं, कि इस फिल्म के सितारे सिर्फ एक्टिंग में ही नहीं, पढ़ाई-लिखाई में भी काफी आगे हैं? आइए जानते हैं, किस स्टार के पास कौनसी डिग्री है?

सबसे पहले बात करते हैं अरुण गोविल की, जो इस फिल्म में राजा दशरथ के रोल में नजर आएंगे. खास बात ये है, कि वो पहले रामानंद सागर की 'रामायण' में भगवान राम का किरदार निभाकर घर-घर में पहचान बना चुके हैं. अब उनकी जर्नी राम से दशरथ तक पहुंच गई है. पढ़ाई की बात करें, तो अरुण गोविल ने मेरठ की चौधरी चरण सिंह यूनिवर्सिटी से बीएससी की डिग्री हासिल की है.
फिल्म में भगवान राम का किरदार निभा रहे रणबीर कपूर भी पढ़ाई में पीछे नहीं हैं. उन्होंने मुंबई के स्कॉटिश स्कूल से पढ़ाई की, और फिर एचआर कॉलेज ऑफ कॉमर्स एंड इकोनॉमिक्स से प्री-यूनिवर्सिटी कोर्स किया. इसके बाद वो न्यूयॉर्क के स्कूल ऑफ विजुअल आर्ट्स गए, जहां से उन्होंने फिल्ममेकिंग सीखी. यही वजह है, कि उनकी एक्टिंग में एक अलग ही गहराई देखने को मिलती है.

सीता के रोल में नजर आने वाली साई पल्लवी तो इस लिस्ट में सबसे ज्यादा पढ़ी-लिखी स्टार्स में से एक हैं. उन्होंने जॉर्जिया की त्बिलिसी स्टेट मेडिकल यूनिवर्सिटी से एमबीबीएस की पढ़ाई की है. डॉक्टर बनने के बाद उन्होंने एक्टिंग को चुना, और आज अपनी सादगी और शानदार परफॉर्मेंस से फैंस के दिलों पर राज कर रही हैं.

लक्ष्मण का किरदार निभा रहे रवि दुबे भी इंजीनियर रह चुके हैं. उन्होंने राजीव गांधी इंस्टीट्यूट ऑफ टेक्नोलॉजी से टेलीकॉम इंजीनियरिंग की डिग्री ली है. इंजीनियरिंग छोड़कर उन्होंने एक्टिंग में कदम रखा और अब 'रामायण' जैसे बड़े प्रोजेक्ट का हिस्सा बन चुके हैं.

हनुमान के रोल में नजर आने वाले सनी देओल का लुक अभी सामने नहीं आया है, लेकिन फैंस में उनके किरदार को लेकर जबरदस्त एक्साइटमेंट है. पढ़ाई की बात करें, तो सनी देओल ने मुंबई के रामनिरंजन आनंदीलाल पोद्दार कॉलेज से कॉमर्स में ग्रेजुएशन किया है.

वहीं, रावण का किरदार निभा रहे 'केजीएफ' स्टार यश के लुक को लेकर भी सस्पेंस बना हुआ है. यश ने मैसूर के महाजन हाई स्कूल से 12वीं की पढ़ाई पूरी की, और फिर एबीआरआर महाजन प्री-यूनिवर्सिटी कॉलेज से आगे की एजुकेशन ली.

बहरहाल, 'रामायण' की स्टारकास्ट सिर्फ स्क्रीन पर ही नहीं, असल जिंदगी में भी काफी टैलेंटेड और पढ़ी-लिखी है. यही वजह है, कि ये फिल्म सिर्फ अपने भव्य पैमाने ही नहीं, बल्कि दमदार कलाकारों की वजह से भी खास बनती नजर आ रही है.