Thursday, 23 April, 2026

---विज्ञापन---

बला की खूबसूरत, लाखों दिलों की धड़कन थीं दिव्यांका सिरोही, लेकिन वो सिर्फ इस शख्स को कहती थी ‘लाइफलाइन’

हरियाणवी एंटरटेनमेंट इंडस्ट्री से एक बेहद दुखद खबर सामने आई है. खूबसूरती और टैलेंट के दम पर लाखों दिलों में जगह बनाने वाली एक्ट्रेस और सोशल मीडिया इन्फ्लुएंसर दिव्यांका सिरोही अब इस दुनिया में नहीं रहीं. 21 अप्रैल की देर रात दिल का दौरा पड़ने से उनका निधन हो गया. महज 30 साल की उम्र में उनका यूं अचानक चले जाना फैंस और इंडस्ट्री दोनों के लिए बड़ा झटका है.

मीडिया रिपोर्ट्स के मुताबिक, दिव्यांका गाजियाबाद के राजनगर एक्सटेंशन स्थित अपने घर पर थीं, जब अचानक उनकी तबीयत बिगड़ी. चक्कर खाकर गिरने से उनके सिर पर चोट लगी और मौके पर ही उनकी मौत हो गई.

उनके भाई हिमांशु सिरोही ने उनका अंतिम संस्कार किया. परिवार की ओर से अभी तक कोई ऑफीशियल बयान सामने नहीं आई है. दिव्यांका के निधन के बाद उनका एक इंस्टाग्राम पोस्ट तेजी से वायरल हो रहा है.

इस पोस्ट में वो पहाड़ों के बीच नजर आ रही हैं, और कैप्शन में उन्होंने लिखा था, 'पीओवी: शिव मुझे अपने साथ ले चलो.' इस लाइन को लेकर अब फैंस इमोशनल हो रहे हैं, और इसे उनकी आखिरी इच्छा से जोड़कर देख रहे हैं.

बुलंदशहर की रहने वाली दिव्यांका सिरोही पढ़ाई में भी काफी अच्छी थीं. उन्होंने चौधरी चरण सिंह विश्वविद्यालय से बीसीए किया, और इसके बाद सिक्किम से एमबीए की डिग्री हासिल की, लेकिन उनका असली सपना एक्टिंग और डांस था, जिसे उन्होंने पूरा भी किया.

दिव्यांका ने हरियाणवी म्यूजिक इंडस्ट्री में कई हिट गानों में काम किया, और अपनी अलग पहचान बनाई. मासूम शर्मा, केडी, अमित सैनी रोहतकिया और खासा आला चाहर जैसे कई कलाकारों के साथ उनकी जोड़ी पसंद की गई.

'विलेन' , 'बदमाशां का ब्याह' और 'कंगन भोली के' जैसे गानों से उन्हें खास पॉपुलैरिटी मिली थी. सोशल मीडिया पर भी उनकी जबरदस्त फैन फॉलोइंग थी. इंस्टाग्राम पर उनके 13 लाख से ज्यादा फॉलोअर्स थे.

उनका एक टिकटॉक वीडियो, जो उन्होंने सुनंदा शर्मा के गाने पर बनाया था, करीब 2 करोड़ व्यूज के साथ वायरल हुआ था, और वहीं से उनकी पहचान बनी थी. पर्सनल लाइफ की बात करें, तो दिव्यांका अकसर अपनी बहन आरती सिरोही के साथ तस्वीरें शेयर करती थीं, और उन्हें ही अपनी लाइफलाइन बताती थीं.

बहरहाल, दिव्यांका ने हाल ही में 'अंगद' फिल्म की शूटिंग पूरी की थी, जो अभी रिलीज नहीं हुई है. उनके अचानक निधन से इंडस्ट्री में शोक की लहर है, और फैंस उन्हें नम आंखों से याद कर रहे हैं.

First published on: Apr 23, 2026 03:42 PM

Get Breaking News First and Latest Updates from India and around the world on News24. Follow News24 on Facebook, Twitter.