---विज्ञापन---
‘लॉकअप 2’ में श्रेया कालरा के छलके आंसू, जमाने के सामने खोला दिल दहला देने वाला सीक्रेट
रियलिटी शो 'लॉकअप 2' अपने फिनाले की ओर बढ़ रहा है और इसी के साथ कंटेस्टेंट्स एक-एक कर अपनी जिंदगी के सबसे बड़े राज दुनिया के सामने रख रहे हैं. इस हफ्ते सोशल मीडिया इन्फ्लुएंसर और कंटेंट क्रिएटर श्रेया कालरा ने ऐसा खुलासा किया, जिसे सुनकर शो में मौजूद सभी लोग भावुक हो गए. अपनी बात कहते-कहते श्रेया की आंखों से आंसू छलक पड़े और घर का माहौल पूरी तरह गंभीर हो गया.
लॉकअप में श्रेया का सीक्रेट रिवील
शो के दौरान जब श्रेया का सीक्रेट सामने लाने का मौका आया तो उन्होंने बताया कि जब वह सिर्फ 13 साल की थीं, तब उनके एक कजिन ने उनका यौन शोषण किया था. उन्होंने कहा कि उस समय उन्हें समझ भी नहीं था कि उनके साथ क्या हो रहा है. यही वजह रही कि उन्होंने इतने सालों तक इस दर्द को अपने दिल में दबाकर रखा.
किस सच्चाई का किया खुलासा
श्रेया ने साफ कहा कि वह यह बात फिनाले तक पहुंचने के लिए नहीं छिपा रही थीं. उनका कहना था कि उन्हें अपनी मेहनत पर पूरा भरोसा है, लेकिन इस सच के सामने आने से उनके परिवार की जिंदगी बदल सकती है. उन्होंने बताया कि आज तक उनके परिवार में किसी को इस घटना के बारे में पता नहीं है. सिर्फ उनके बॉयफ्रेंड ऋषभ जायसवाल ही इस सच्चाई से वाकिफ हैं.
श्रेया ने अपनी मां का किया जिक्र
अपनी मां का जिक्र करते हुए श्रेया ने बताया कि उन्होंने उन्हें भी कभी यह सच्चाई बयां नहीं की है. इसके पीछे की वजह बताते हुए उन्होंने कहा कि जिस रिश्तेदार पर उन्होंने आरोप लगाया, उसकी मां का पहले ही निधन हो चुका था. ऐसे में उनकी मां ने करीब तीन साल तक उसे अपने बेटे की तरह संभाला और उसकी देखभाल की. श्रेया का कहना है कि अगर उनकी मां को यह सच पता चलेगा तो वह पूरी तरह टूट जाएंगी.
श्रेया को खुद को नहीं दिखाना पीड़ित!
श्रेया ने यह भी कहा कि वह किसी की सहानुभूति नहीं चाहतीं. वह खुद को पीड़ित की तरह नहीं देखना चाहतीं और चाहती हैं कि लोग उन पर तरस खाने के बजाय उनकी हिम्मत को समझें. उन्होंने यह भी खुलासा किया कि इतना सब होने के बावजूद वह बाद में उसी रिश्तेदार की शादी में अपने परिवार के साथ शामिल हुई थीं.
श्रेया ने भाई की शादी का किया जिक्र
बातचीत के दौरान श्रेया ने अपने भाई की शादी का भी जिक्र किया. उन्होंने बताया कि नवंबर में उनके भाई की शादी होने वाली है. पहले भी उनकी सगाई कुछ विवादों की वजह से टूट चुकी थी. ऐसे में उन्हें डर था कि कहीं यह सच सामने आने से उनके भाई की जिंदगी और खुशियों पर फिर से असर न पड़े.
कहां की रहने वाली हैं श्रेया
बता दें कि श्रेया कालरा मध्य प्रदेश के इंदौर की रहने वाली हैं. वह सोशल मीडिया इन्फ्लुएंसर, कंटेंट क्रिएटर और एक्ट्रेस हैं. साल 2020 में MTV Roadies Revolution में वाइल्ड कार्ड कंटेस्टेंट बनने के बाद उन्हें बड़ी पहचान मिली. आज वह अपने फैशन, डांस और लाइफस्टाइल कंटेंट के जरिए सोशल मीडिया पर पॉपुलर हैं.
E24 पर पढ़ें बॉलीवुड , टीवी, OTT , सेलिब्रिटी लाइफ, Box Office , वायरल मनोरंजन खबरों और एक्सक्लूसिव इंटरव्यू से जुड़ी हर बड़ी अपडेट। एंटरटेनमेंट की दुनिया की ताजा और दिलचस्प खबरों के लिए जुड़े रहिए E24 के साथ। Follow E24bollywood on Facebook, Twitter.