---विज्ञापन---
एक फिल्म से इस एक्टर ने पूरी दुनिया भर में मचा दिया था तहलका, देखते रह गए थे अमिताभ-विनोद खन्ना
1980 के दशक में बॉलीवुड में अमिताभ बच्चन और विनोद खन्ना जैसे स्टार्स का राज चल रहा था. इसी दौरान एक ऐसे हीरो की बड़े पर्दे पर एंट्री हुई, जिसनें भारतीय सिनेमा में एक नया इतिहास बना दिया. अपने अनोखे मिजाज, स्टाइल और डांस से इस एक्टर ने हर किसी के होश उड़ा दिए. चलिए इस एवरग्रीन एक्टर के बारे में जानते हैं. आज भी ये एक्टर अपनी दमदार स्क्रीन प्रजेंस के लिए जाना जाता है.
एक फिल्म से हिला दी थी इंडस्ट्री
हम बात कर रहे हैं बॉलीवुड के मशहूर एक्टर मिथुन चक्रवर्ती की, जिन्होंने 1980 के दशक में बॉक्स ऑफिस पर तहलका मचा दिया. उस वक्त अपनी एक फिल्म से मिथुन दा ने पूरी इंडस्ट्री हिला दी थी. साल 1982 में रिलीज हुई उनकी कल्ट फिल्म 'डिस्को डांसर' ने दुनिया भर में तहलका मचा दिया था. इसकी कमाई देखकर हर कोई हैरान रह गया था.
'डिस्को डांसर' से बदली किस्मत
टैलेंट से भरपूर मिथुन चक्रवर्ती ने अपने करियर की शुरुआत 'मृगल्या (1976)' से की थी. इस फिल्म के लिए उन्हें नेशनल अवॉर्ड से भी सम्मानित किया गया था. लेकिन 1982 की फिल्म 'डिस्को डांसर' ने उनकी किस्मत बदल दी. बब्बर सुभाष के डायरेक्शन में बनी इस फिल्म ने न सिर्फ भारत में बल्कि दुनिया भर में रिकॉर्ड तोड़ कमाई की. एक ऐसी कमाई, जिसकी उस दौर के किसी फिल्म प्रोड्यूसर ने कल्पना भी नहीं की होगी.
'डिस्को डांसर' ने रचा इतिहास
इस फिल्म की कामयाबी का सबसे बड़ा कारण बप्पी लहरी का संगीत और मिथुन का अनोखा डांसिंग स्टाइल था. फिल्म में शामिल 'आई एम ए डिस्को डांसर' और 'जिमी जिमी...' जैसे गानों को इंटरनेशनल चार्टबस्टर्स तक पहुंचाया. ये फिल्म सोवियत यूनियन (रूस), चीन और कई एशियाई और अफ्रीकी देशों में इतनी बड़ी ब्लॉकबस्टर साबित हुई कि विदेशी लोग 'जिमी' को भारत समझने लगे. दुनियाभर में इस फिल्म ने अपनी कमाई से कई इतिहास रचे.
अमिताभ बच्चन-विनोद खन्ना को दिया टक्कर
ये वो समय था जब पूरी इंडस्ट्री में विनोद खन्ना और अमिताभ बच्चन बोलबाला था. ऐसे में मिथुन चक्रवर्ती ने अपनी एक अलग और मजबूत इमेज बनाई और मिथुन चक्रवर्ती देश के गरीबों, मजदूरों, रिक्शा चलाने वालों और मिडिल क्लास दर्शकों के मसीहा बनकर उभरे. उनकी फिल्मों को खूब प्यार मिला.
फिल्मों में निभाए शानदार किरदार
उनकी फिल्में जैसे 'कसम पैदा करने वाले की', 'डांस डांस', 'कमांडो', 'जीते हैं शान से' आज भी दर्शकों के दिल में बसी हुई हैं. उस समय मिथुन एक साथ कई फिल्मों की शूटिंग किया करते थे. सालभर में उनकी 10 से 15 फिल्में बन जाती थीं और ज्यादातर फिल्में अपनी लागत निकाल लेती थीं और डिस्ट्रीब्यूटर्स के लिए भारी प्रॉफिट कमाती थीं. 90 के दशक तक मिथुन ने एक से बढ़कर एक किरदार निभाए और लगातार इंडस्ट्री में छाए रहे. हाल ही में वो बंगाल फाइल्स में नजर आए थे.