---विज्ञापन---
Jio Hotstar की इस 6 एपिसोड वाली सीरीज ने उड़ाए सबके होश, आखिरी तक नहीं सुलझा पाएंगे कहानी का रहस्य
अगर आप ओटीटी (OTT) पर डर और सस्पेंस से भरपूर सस्पेंसिव कहानियों को देखने के शौकीन हैं, तो जियोहॉटस्टार पर मौजूद एक बेहद शानदार हॉरर-थ्रिलर सीरीज आपके होश उड़ाने के लिए तैयार है. वैसे तो साउथ सिनेमा अपनी बेहतरीन हॉरर-थ्रिलर फिल्मों के लिए जाना जाता है, लेकिन 6 एपिसोड की यह सीरीज डर और सस्पेंस का ऐसा अनूठा मिश्रण है, जो आपको आखिरी मिनट तक बांधकर रखेगा. हम बात कर रहे हैं साल 2023 की सबसे चर्चित वेब सीरीज 'अथिधि' (Athidhi) की. वाई जी भरत के निर्देशन में बनी यह सीरीज अपने रोंगटे खड़े कर देने वाले दृश्यों और रहस्यमयी कहानी के कारण आज भी ओटीटी की सबसे बेहतरीन हॉरर सीरीज में शुमार की जाती है.
एक अजनबी लड़की और खौफनाक रात
कहानी की शुरुआत होती है रवि (वेणु थोटेमपुडी) और उसकी पत्नी संध्या (अदिति गौतम) से, जो एक बड़े और सुनसान घर में रहते हैं. संध्या की तबीयत ठीक नहीं रहती, इसलिए रवि उसका पूरा ख्याल रखता है. लेकिन एक तूफानी और बरसाती रात उनके घर 'माया' (अवंतिका) नाम की एक अजनबी लड़की आसरा मांगने आती है और यहीं से शुरू होता है सस्पेंस.
भूतिया गांव और यूट्यूबर का एंगल
कहानी में ट्विस्ट तब आता है जब सावेरी (वेंकटेश काकुमानु) नाम का एक यूट्यूबर भी उसी रात रवि के घर जान बचाकर भागता है. सावेरी पास के ही एक बदनाम 'भूतिया गांव' में यह साबित करने गया था कि वहाँ कोई आत्मा नहीं है, लेकिन कुछ बेहद खौफनाक देखने के बाद वह डरकर भाग खड़ा होता है.
कौन है माया? भूत या इंसान
घर में सावेरी को शक होता है कि जो लड़की (माया) रवि के घर में रुकी हुई है, वही असल में वो चुड़ैल या भूत है जो उसे जंगल में डरा रही थी. हालांकि, मकान मालिक रवि इस बात को मानने से साफ इनकार कर देता है और माया का बचाव करता है. इसी बीच प्रकाश (रवि वर्मा) नाम का एक और किरदार वहाँ पहुंच जाता है, जिससे उलझन और बढ़ जाती है.
मंझी हुई स्टारकास्ट की दमदार एक्टिंग
सीरीज में रवि वर्मा, केशव दीपक, गायत्री चागंती, वेणु थोटेमपुडी और अवंतिका जैसे बेहतरीन कलाकारों ने काम किया है. हर कलाकार ने डर और शक के माहौल को अपने अभिनय से इस कदर जीवंत किया है कि दर्शक भी उस घर के रहस्य का हिस्सा महसूस करने लगते हैं.
आखिरी तक सस्पेंस बनाए रखने में सफल
'अथिधि' की सबसे बड़ी खासियत इसका स्क्रीनप्ले है. मेकर्स ने कहानी को इस तरह घुमाया है कि दर्शक हर किरदार पर शक करने लगते हैं. क्या माया वाकई कोई आत्मा है, या फिर रवि और उसका परिवार कोई गहरा राज छुपा रहा है? यह सस्पेंस आखिरी एपिसोड तक बना रहता है.
E24 पर पढ़ें बॉलीवुड , टीवी, OTT , सेलिब्रिटी लाइफ, Box Office , वायरल मनोरंजन खबरों और एक्सक्लूसिव इंटरव्यू से जुड़ी हर बड़ी अपडेट। एंटरटेनमेंट की दुनिया की ताजा और दिलचस्प खबरों के लिए जुड़े रहिए E24 के साथ। Follow E24bollywood on Facebook, Twitter.