---विज्ञापन---
Deepika Padukone दोबारा बनने वाली हैं मां, खास अंदाज में फैंस को दी गुड न्यूज
Deepika Padukone Announces Second Pregnancy: बॉलीवुड के पावर कपल दीपिका पादुकोण (Deepika Padukone) और रणवीर सिंह (Ranveer Singh) की जिंदगी एक बार फिर खुशियों से भरने वाली है. जी हां, दीपिका दूसरी बार मां बनने जा रही हैं, और इस गुड न्यूज को उन्होंने बेहद खास और दिल छू लेने वाले अंदाज में फैंस के साथ शेयर किया है.
दीपिका ने अपने इंस्टाग्राम अकाउंट पर एक प्यारी सी फोटो पोस्ट की, जिसने देखते ही देखते सोशल मीडिया पर धूम मचा दी. इस तस्वीर में रणवीर अपनी बेटी दुआ को गोद में लिए नजर आ रहे हैं. हालांकि, दोनों का चेहरा पूरी तरह साफ नहीं दिखाया गया है, लेकिन फोटो की सबसे खास बात थी, छोटी दुआ के हाथ में नजर आ रही प्रेग्नेंसी किट. इसी इशारे से कपल ने अपनी दूसरी प्रेग्नेंसी का ऐलान किया.
इस अनोखे अनाउंसमेंट ने फैंस का दिल जीत लिया. आमतौर पर जहां सेलेब्स सीधे तौर पर खबर शेयर करते हैं, वहीं दीपिका-रणवीर ने अपनी बेटी के जरिए ये खुशखबरी देकर इसे और भी खास बना दिया. पोस्ट शेयर करते ही सोशल मीडिया पर बधाइयों का तांता लग गया.
कई सेलेब्रिटीज ने भी इस खुशखबरी पर अपना रिएक्शन दिया है, भूमि पेडनेकर और सामंथा रूथ प्रभु समेत कई सितारों ने कपल को शुभकामनाएं दीं. वहीं फैंस भी लगातार कमेंट्स के जरिए अपनी खुशी जाहिर कर रहे हैं.
बता दें, कि दीपिका और रणवीर ने साल 2018 में शादी की थी, और शादी के छह साल बाद 8 सितंबर 2024 को उनके घर बेटी दुआ का जन्म हुआ था. अब लगभग दो साल बाद दीपिका फिर से मां बनने जा रही हैं, जिससे उनके परिवार में खुशियों का माहौल है. छोटी दुआ अब बड़ी बहन बनने वाली हैं.
वर्क फ्रंट की बात करें, तो दीपिका आखिरी बार 'सिंघम अगेन' में नजर आई थीं, जिसमें उनके साथ अजय देवगन भी थे. आने वाले समय में वो शाहरुख खान की फिल्म 'किंग' और अल्लू अर्जुन की फिल्म 'राका' में दिखाई देंगी.
वहीं, रणवीर सिंह भी अपने अपकमिंग प्रोजेक्ट्स को लेकर चर्चा में हैं, और जल्द ही फिल्म 'प्रलय' में नजर आएंगे. बहरहाल, दीपिका और रणवीर के घर एक बार फिर नन्ही खुशियां आने वाली हैं, जिसे लेकर फैंस बेहद एक्साइटेड हैं, और कपल को शुभकामनाएं दे रहे हैं.