Saturday, 13 June, 2026

---विज्ञापन---

Back

परीक्षा में फेल होने के डर से घर छोड़कर भागा था ‘पंचायत’ का ये एक्टर; ढाई रुपये में काटे थे दिन

---विज्ञापन---

बॉलीवुड इंडस्ट्री में तमाम ऐसे एक्टर और एक्ट्रेस हैं, जिन्होंने घर से भागकर फिल्मी दुनिया में अपना नाम कमाया है. इस लिस्ट में कंगना रनौत से लेकर इरफान खान, नसीरुद्दीन शाह जैसे एक्टर्स का नाम शामिल है, जो घर से भाग गए थे, लेकिन अपनी मेहनत के दम पर उन्होंने इंडस्ट्री में पहचान हासिल की. इसी तरह आज हम एक ऐसे एक्टर के बारे में बात करने जा रहे हैं जिन्होंने अपनी मेहनत और लगन से इंडस्ट्री में एक अलग पहचान हासिल की. तो चलिए जानते हैं इनके बारे में.

पंचायत ने इस एक्टर को बनाया फेमस

दरअसल, हम जिस कलाकार के बारे में बात कर रहे हैं वह शुरुआत से फिल्मों में छोटे-मोटे रोल करते हुए नजर आए हैं. हालांकि बीते कुछ सालों में उन्हें टीवीएफ वेब सीरीज पंचायत से अच्छी पहचान हासिल हुई है. वह अपने दमदार किरदार और शानदार एक्टिंग के बाद लोगों के बीच न सिर्फ पॉपुलर हुए, बल्कि दर्शकों के फेवरेट भी बन गए.

---Advertisement---

रघुबीर यादव पंचायत के 'प्रधान जी' के नाम से हैं पॉपुलर

हम बात कर रहे हैं रघुबीर यादव की, जो कि सुपरहिट वेब सीरीज पंचायत में 'प्रधान जी' के रोल के लिए पहचाने जाते हैं. हालांकि वह सिर्फ पंचायत वेब सीरीज में ही नहीं बल्कि बॉलीवुड की तमाम फिल्मों में काम कर चुके हैं. लेकिन इंडस्ट्री में टिके रहना और एक्टिंग में अपना करियर बनाना रघुबीर के लिए आसान नहीं था.

फिल्मी करियर में स्ट्रगल पर बोले रघुबीर

हाल ही में रघुबीर ने अपने करियर में आए उतार-चढ़ाव और स्ट्रगल को लेकर बात की है. उन्होंने एबीपी लाइव से बातचीत के दौरान अपने करियर को लेकर खुलकर बात की. उन्होंने बताया, " एक्टिंग आसान नहीं है, लेकिन इसमें मजा बहुत आता है. लोग इसे स्ट्रगल कहते हैं, पर मैंने अपनी जिंदगी को कभी स्ट्रगल नहीं माना. मैंने बस मेहनत की और उस पूरे सफर का आनंद लिया."

---Advertisement---

घर छोड़कर भाग गए थे रघुबीर, ढाई रुपये में गुजारे दिन

इस बीच एक्टर ने अपनी पढ़ाई से जुड़ा एक किस्सा भी सुनाया और बताया कि किस तरह से वह एग्जाम में फेल होने के डर से अपने दोस्त के साथ घर छोड़कर भाग गए थे. एक्टर ने कहा कि वह खुद ही समझ गए थे कि वह बोर्ड परीक्षा में पास नहीं हो पाएंगे. एक्टर ने बताया कि जब वह दोस्त के साथ घर छोड़कर भाग गए और भटकते हुए ललितपुर पहुंच गए थे. तब वहां पर अन्नू कपूर के पिता की एक थिएटर कंपनी थी और यहीं से उनके एक्टिंग के सफर की शुरुआत हुई. अन्नू कपूर के पिता मदनलाल ने उन्हें कंपनी में रख लिया, जहां उन्हें हर रोज ढाई रुपये मिला करते थे. एक्टर ने कहा, "ढाई रुपये रोज का तय हुआ था, लेकिन कभी-कभी इससे भी कम पैसे मिलते थे. हम लोग उतने ही पैसों में आटा और टमाटर खरीद लाते थे, फिर चटनी और रोटी बनाकर अपना पेट भरते थे." इतना ही नहीं एक्टर ने कहा कि कई बार उन्हें भूखे पेट सोना पड़ता था, क्योंकि कोई न कोई उनका बनाया हुआ खाना चुरा ले जाता था.

रिश्तेदार की बातों से टूट गया था रघुबीर का दिल

इस बीच एक्टर ने ये भी बताया कि जब उन्होंने घर छोड़ा था तो पिता को चिट्ठी लिखते हुए वादा किया था कि वह कभी कोई गलत काम नहीं करेंगे. लेकिन जब कुछ वक्त बाद वह घर लौटे तो एक रिश्तेदार के ताने से उन्हें झकझोर कर रख दिया था. उन्होंने बताया, "जब मैं गांव पहुंचा तो मेरे चाचा के लड़के ने कहा कि हमें तो लगा कि तुम अब सीधे सिनेमा के पर्दे पर ही दिखाई दोगे. मुझे यह बात बहुत चुभी थी और इतनी शर्मिंदगी हुई कि मैं उसी रात दोबारा घर छोड़कर चला गया." एक्टर ने बताया कि इस बात को 20 साल हो गए हैं, लेकिन वह आज तक गांव वापस नहीं गए.

---Advertisement---

इन फिल्मों में नजर आ चुके हैं रघुबीर

काम को लेकर बात करें तो वह तमाम बॉलीवुड फिल्मों में नजर आ चुके हैं. वह पीपली लाइव, पीकू, न्यूटन, लगान जैसी फिल्मों में काम कर चुके हैं. इतना ही नहीं वह टीवी शो ‘मुंगेरीलाल के हसीन सपने’ में भी नजर आ चुके हैं. हालांकि पंचायत से वह बड़े के साथ-साथ बच्चों के बीच भी खूब पॉपुलर हो गए हैं. पंचायत का पांचवां सीजन भी जल्द आने वाला है. हालांकि अभी तक इसकी रिलीज डेट सामने नहीं आई है, लेकिन कहा जा रहा है कि यह 2026 में ही प्राइम वीडियो पर दस्तक देने वाला है.

First published on: Jun 13, 2026 02:10 PM

Get Breaking News First and Latest Updates from India and around the world on News24. Follow News24 on Facebook, Twitter.

Sponsored Links by Taboola