---विज्ञापन---
बॉलीवुड का वो एक्टर, जिसकी बॉक्स ऑफिस पर लगातार 33 फिल्में हुईं फ्लॉप; फिर भी आज है सुपरस्टार
सिनेमा की दुनिया में स्टारडम सिर्फ हिट फिल्मों से नहीं, बल्कि फैंस के अटूट प्यार से मापा जाता है. मिथुन चक्रवर्ती इसका सबसे बड़ा उदाहरण हैं. 80 और 90 के दशक में बॉक्स ऑफिस पर राज करने वाले मिथुन के नाम 180 फ्लॉप फिल्में देने का रिकॉर्ड है. उनके करियर का एक दौर ऐसा भी आया जब 1998 से 2007 के बीच उनकी लगातार 33 फिल्में बॉक्स ऑफिस पर औंधे मुंह गिरीं. लेकिन चौंकाने वाली बात यह है कि इतनी असफलताओं के बाद भी उनका क्रेज कम नहीं हुआ. आज भी वे फिल्म इंडस्ट्री के सबसे सम्मानित और प्रभावशाली सितारों में गिने जाते हैं.
लगातार 33 फिल्मों की नाकामी
1998 में फिल्म 'चंडाल' की सफलता के बाद मिथुन दा का सबसे बुरा दौर शुरू हुआ. अगले 9 सालों तक उन्होंने 'हिटलर', 'बिल्ला नंबर 786' और 'यमराज' जैसी 33 फिल्मों में काम किया, लेकिन इनमें से कोई भी फिल्म 5 करोड़ का आंकड़ा तक नहीं छू सकी.
180 फ्लॉप फिल्मों का रिकॉर्ड
मिथुन चक्रवर्ती के 40 साल से लंबे करियर में उन्होंने लगभग 300 फिल्मों में अभिनय किया. इनमें से 180 फिल्में असफल रहीं. फ्लॉप फिल्मों के इस आंकड़े के मामले में वे बॉलीवुड के किसी भी अन्य एक्टिव सुपरस्टार से काफी आगे हैं.
अन्य सितारों से तुलना
अगर फ्लॉप फिल्मों की लिस्ट देखें, तो मिथुन के बाद गोविंदा (76 फ्लॉप), अक्षय कुमार (60 फ्लॉप) और अमिताभ बच्चन व सनी देओल (50 से अधिक फ्लॉप) का नंबर आता है. लेकिन मिथुन का रिकॉर्ड इन सबसे कहीं ज्यादा बड़ा है.
'गुरु' से हुई शानदार वापसी
33 लगातार फ्लॉप फिल्मों के सिलसिले को मणिरत्नम की फिल्म 'गुरु' (2007) ने तोड़ा. हालांकि इसमें वे साइड रोल में थे, लेकिन उनके अभिनय की जबरदस्त तारीफ हुई. इसके बाद 'गोलमाल 3' और 'ओएमजी' जैसी फिल्मों ने उनके स्टारडम को फिर से नई ऊंचाई दी.
मिसाल है 'मिथुन' का स्टारडम
इतनी असफलताओं के बाद भी मिथुन चक्रवर्ती का सुपरस्टार बने रहना यह साबित करता है कि उनका जादू फिल्मों के कलेक्शन से कहीं ऊपर है. वे आज भी टीवी और फिल्मों के जरिए करोड़ों लोगों से जुड़े हुए हैं और उनके 'दादा' बने हुए हैं.