---विज्ञापन---
कहां हुई थी DDLJ के आइकॉनिक रेलवे ट्रैक की शूटिंग? जगह का नाम जानकर लगेगा 440 वोल्ट का झटका
बॉलीवुड की सबसे यादगार फिल्मों में शामिल 'दिलवाले दुल्हनिया ले जाएंगे' (Dilwale Dulhania Le Jayenge) यानी DDLJ आज भी लोगों के दिलों पर राज करती है. फिल्म का हर सीन, हर गाना और हर डायलॉग फैंस की यादों में बसा हुआ है. खासकर वो क्लाइमेक्स, जब सिमरन भागते हुए ट्रेन पकड़ती है, और अमरीश पुरी का मशहूर डायलॉग सुनाई देता है. 'जा सिमरन जा, जी ले अपनी जिंदगी.' अब इसी आइकॉनिक सीन से जुड़ी एक खास खबर सामने आई है.
अनुपम खेर ने खोला राज
फिल्म में शाहरुख खान के पिता का किरदार निभाने वाले अनुपम खेर (Anupam Kher) हाल ही में उस रेलवे स्टेशन पर पहुंचे, जहां 36 साल पहले DDLJ का ऐतिहासिक क्लाइमेक्स शूट किया गया था. दिलचस्प बात ये है, कि ये मशहूर सीन पंजाब के नहीं बल्कि महाराष्ट्र के एक रेलवे स्टेशन पर फिल्माया गया था. इस जगह का नाम है आपटा रेलवे स्टेशन (Apta Railway Station) ये स्टेशन मुंबई से करीब 80 किलोमीटर दूर रायगढ़ जिले में है.
वीडियो शेयर कर इमोशनल हुए एक्टर
अनुपम खेर ने वहां से एक वीडियो और तस्वीरें शेयर करते हुए, बताया कि इतने साल बाद उसी जगह पर वापस जाना उनके लिए बेहद भावुक पल था. उन्होंने कहा, कि शूटिंग के दौरान किसी ने नहीं सोचा था, कि राज और सिमरन का ये सीन भारतीय सिनेमा के सबसे यादगार पलों में शामिल हो जाएगा.
अनुपम खेर ने सरकार से की ये खास अपील
उन्होंने अपने पोस्ट में लिखा, कि उस स्टेशन पर खड़े होकर ऐसा लगा जैसे समय कुछ देर के लिए रुक गया हो. साथ ही उन्होंने महाराष्ट्र सरकार से अपील की, कि इस जगह को एक फिल्म टूरिस्ट स्पॉट के तौर पर विकसित किया जाना चाहिए, क्योंकि दुनियाभर में फिल्मों की लोकेशन्स लोगों की भावनाओं और यादों का हिस्सा बन जाती हैं.
यश चोपड़ा को यादकर क्या बोले एक्टर?
अनुपम खेर ने स्टेशन का दौरा करते हुए, ये भी बताया कि अब वहां कुछ नए स्ट्रक्चर बन चुके हैं, लेकिन पुरानी यादें आज भी वैसी ही ताजा हैं. उन्होंने दिवंगत फिल्ममेकर यश चोपड़ा (Yash Chopra) को भी याद किया, और उनकी सादगी व गर्मजोशी की तारीफ की.
सालों बाद भी DDLJ का क्रेज बरकरार
आदित्य चोपड़ा के डायरेक्शन में बनी DDLJ 20 अक्टूबर 1995 को रिलीज हुई थी. फिल्म में शाहरुख खान और काजोल की जोड़ी ने ऐसा जादू चलाया था, कि ये फिल्म आज भी मुंबई के मराठा मंदिर थिएटर में दिखाई जाती है. इतने साल बाद भी DDLJ का क्रेज कम नहीं हुआ है, और इसका क्लाइमेक्स आज भी बॉलीवुड इतिहास के सबसे आइकॉनिक दृश्यों में गिना जाता है.