---विज्ञापन---
उसे मैं कोर्ट में घसीटता… बहन को धोखा देने वाले ओम पुरी पर भड़के अन्नू कपूर, गुस्से में आए आंसू
बॉलीवुड एक्टर अन्नू कपूर एक बार फिर अपने बेबाक अंदाज को लेकर चर्चा में हैं. हाल ही में दिए एक इंटरव्यू में उन्होंने अपनी बहन सीमा कपूर और दिवंगत अभिनेता ओम पुरी के रिश्ते पर खुलकर बात की. इस दौरान अन्नू कपूर इतने भावुक हो गए, कि कैमरे पर ही उनकी आंखों से आंसू छलक पड़े.
अन्नू कपूर ने बताया कि ओम पुरी और सीमा कपूर की शादी साल 1991 में हुई थी, लेकिन ये रिश्ता ज्यादा समय तक नहीं चल पाया और दोनों अलग हो गए. उनके मुताबिक, शादी के बाद ओम पुरी ने उनकी बहन के साथ सही व्यवहार नहीं किया और रिश्ते में दरार आ गई.
बाद में ओम पुरी ने नंदिता पुरी से दूसरी शादी कर ली. इंटरव्यू में अन्नू कपूर ने कहा कि उनके परिवार ने इस रिश्ते को पूरी सच्चाई और भरोसे के साथ स्वीकार किया था. उन्होंने बताया कि ओम पुरी के पिता खुद उनके घर आए थे, और इस शादी की बात रखी थी, लेकिन शादी के बाद हालात बदल गए और उनकी बहन को इमोशनली काफी तकलीफें झेलनी पड़ी.
अन्नू कपूर ने ये भी खुलासा किया, कि जब ओम पुरी की तबीयत बिगड़ने लगी, तो वो दोबारा सीमा कपूर के पास लौट आए. इस पर उन्होंने नाराजगी जाहिर करते हुए, कहा कि उनकी बहन का क्या कसूर था, जो उसे इस तरह के हालात का सामना करना पड़ा.
उन्होंने ये भी कहा कि वो इस मामले को कोर्ट तक ले जाना चाहते थे, लेकिन उनकी बहन ने उन्हें रोक दिया था. सबसे इमोशनल मूमेंट तब आया, जब अन्नू कपूर ने बताया कि सीमा कपूर ने तमाम दर्द के बावजूद ओम पुरी का ख्याल रखा.
उन्होंने कहा कि अगर उनकी बहन चाहतीं, तो हालात अलग हो सकते थे, लेकिन उन्होंने इंसानियत का रास्ता चुना. हालांकि, अन्नू कपूर ने आखिरी में ओम पुरी के लिए सम्मान भी जताया और उनकी आत्मा की शांति की कामना की. साथ ही उन्होंने नंदिता पुरी और उनके बेटे के अच्छे स्वास्थ्य की भी दुआ की.
बहरहाल, इस इंटरव्यू के बाद सोशल मीडिया पर भी फैंस भावुक नजर आ रहे हैं और अन्नू कपूर बहन की तकलीफों और साफ दिल से बोली गई अन्नू +कपूर की बातों की चर्चा कर रहे हैं.