---विज्ञापन---
लुक्स की वजह से इस खूबसूरत एक्ट्रेस को झेलने पड़े कई रिजेक्शन, फिर ब्लॉकबस्टर फिल्म देकर सबका मुंह कर दिया बंद
बॉलीवुड में एंट्री करना आसान नहीं है, खासकर तब जब लोग आपके टैलेंट से पहले आपके लुक्स पर सवाल उठाने लगें. एक्ट्रेस अदा शर्मा के साथ भी ऐसा ही हुआ. बता दें कि आज अदा शर्मा अपना 34वां बर्थडे सेलिब्रेट कर रही हैं. करियर के शुरुआती दौर में उन्हें लुक्स के कारण कई बार रिजेक्शन झेलना पड़ा. लोगों ने उनके बालों से लेकर उनकी आइब्रो तक का मजाक उड़ाया. लेकिन, फिल्म '1920' से अपनी पहचान बनाने वाली अदा ने हार नहीं मानी. साल 2023 में आई उनकी फिल्म 'द केरल स्टोरी' ने बॉक्स ऑफिस पर जो धमाका किया, उसने अदा को रातों-रात सुपरस्टार्स की फेहरिस्त में खड़ा कर दिया.
लगातार रिजेक्शन और लुक्स पर सवाल
अदा शर्मा ने एक इंटरव्यू में खुलासा किया था कि शुरुआत में उन्हें कई बार यह कहकर मना कर दिया गया कि वे 'खूबसूरत' नहीं दिखतीं. उनके घुंघराले बालों और मोटी आइब्रो को रिजेक्शन की सबसे बड़ी वजह बताया गया था. लेकिन अदा ने इन कमियों को ही अपनी ताकत बनाया और अपनी पहचान पर गर्व किया.
हॉरर फिल्म '1920' से धमाकेदार डेब्यू
तमाम संघर्षों के बाद साल 2008 में फिल्म '1920' से अदा ने बॉलीवुड में कदम रखा. इस हॉरर फिल्म में उनके डरावने अवतार और दमदार एक्टिंग ने सबको हैरान कर दिया. पहली ही फिल्म के लिए उन्हें सर्वश्रेष्ठ डेब्यू अभिनेत्री के तौर पर नॉमिनेशन मिला और इंडस्ट्री ने उनकी प्रतिभा को पहचाना.
'द केरल स्टोरी' से रचा इतिहास
अदा के करियर का सबसे बड़ा टर्निंग पॉइंट साल 2023 में आया. महज 40 करोड़ के बजट में बनी उनकी फिल्म 'द केरल स्टोरी' ने बॉक्स ऑफिस पर सुनामी ला दी और 300 करोड़ से ज्यादा का कलेक्शन किया. इस फिल्म ने अदा को बॉलीवुड की टॉप परफॉर्मिंग एक्ट्रेसेस की लिस्ट में शामिल कर दिया.
पूरी स्टारकास्ट में सबसे ज्यादा फीस
रिपोर्ट के मुताबिक, 'द केरल स्टोरी' की भारी सफलता के पीछे अदा की मेहनत का बड़ा हाथ था. खबरों की मानें तो इस फिल्म के लिए उन्हें 1 करोड़ रुपये फीस मिली थी, जो फिल्म की पूरी स्टारकास्ट में सबसे ज्यादा थी. यह इस बात का सबूत है कि इंडस्ट्री में टैलेंट की वैल्यू हमेशा सबसे ऊपर होती है.
फिटनेस और बेबाक अंदाज
फिल्मों के अलावा अदा अपनी फिटनेस और सोशल मीडिया पर अपनी मजेदार पोस्ट के लिए भी मशहूर हैं. वे अक्सर मल्लखंब और कलारीपयट्टू जैसे मार्शल आर्ट्स करते हुए वीडियो शेयर करती हैं. अदा का मानना है कि इंसान को वैसा ही रहना चाहिए जैसा वह असल में है, न कि समाज के बनाए मापदंडों के हिसाब से बदलना चाहिए.