---विज्ञापन---

Netflix पर नंबर 1 पर ट्रेंड कर रही ये तगड़ी थ्रिलर फिल्म, ‘धुरंधर’ को ‘बॉर्डर 2’ को पछाड़ा

रानी मुखर्जी की पावर-पैक परफॉर्मेंस वाली फिल्म 'मर्दानी 3' ने सिनेमाघरों के बाद अब ओटीटी की दुनिया में भी तहलका मचा दिया है. 27 मार्च को नेटफ्लिक्स (Netflix) पर रिलीज होते ही इस फिल्म ने टॉप-10 की लिस्ट में नंबर 1 का स्थान हासिल कर लिया है. दिलचस्प बात यह है कि इस क्राइम थ्रिलर ने 'धुरंधर' और 'बॉर्डर 2' जैसी बड़ी फिल्मों को भी पछाड़ दिया है.

नेटफ्लिक्स पर नंबर 1 का पायदान- 27 मार्च 2026 को डिजिटल प्लेटफॉर्म पर दस्तक देने वाली 'मर्दानी 3' ने महज कुछ ही दिनों में अपनी धाक जमा ली है. 2 घंटे 9 मिनट की यह फिल्म इस वक्त नेटफ्लिक्स पर नंबर 1 पर ट्रेंड कर रही है. फिल्म को दर्शकों और क्रिटिक्स की ओर से काफी प्यार मिल रहा है, जिसका अंदाजा इसकी 7.1 IMDB रेटिंग से लगाया जा सकता है.

'धुरंधर' और 'बॉर्डर 2' जैसी फिल्मों को दी मात- बॉक्स ऑफिस पर 'धुरंधर' की सुनामी के बावजूद, ओटीटी पर दर्शकों की पहली पसंद 'मर्दानी 3' बनी हुई है. इसने न केवल आदित्य धर की 'धुरंधर' बल्कि 'बॉर्डर 2' जैसी बड़ी फ्रेंचाइजी फिल्मों को भी व्यूअरशिप के मामले में पीछे छोड़ दिया है. रानी मुखर्जी यानी शिवानी शिवाजी रॉय का निडर अंदाज एक बार फिर लोगों के सिर चढ़कर बोल रहा है.

रोंगटे खड़े कर देने वाला 'मानव तस्करी' का मुद्दा- अभिराज मीनावाला के निर्देशन में बनी यह फिल्म एक बेहद डार्क और गंभीर मुद्दे पर आधारित है. कहानी 8 से 9 साल की मासूम बच्चियों के अपहरण और उन्हें दूसरे देशों में तस्करी करने के इर्द-गिर्द घूमती है. एसीपी शिवानी शिवाजी रॉय देश की 93 लापता लड़कियों को खोजने और इस अंतरराष्ट्रीय रैकेट का पर्दाफाश करने के लिए अपनी जान की बाजी लगा देती हैं.

विलेन 'अम्मा' का खौफनाक किरदार- फिल्म में मल्लिका प्रसाद ने 'अम्मा' नाम की एक खतरनाक विलन की भूमिका निभाई है, जो भिखारियों का माफिया चलाती है. कहानी की शुरुआत बुलंदशहर में एक वीवीआईपी बच्ची के अपहरण से होती है, जिसके तार सीधे 'अम्मा' के खौफनाक साम्राज्य से जुड़े होते हैं. अपराधी और पुलिस के बीच यह मुकाबला दर्शकों को अंत तक बांधे रखता है.

बॉक्स ऑफिस पर प्रदर्शन- यशराज फिल्म्स के बैनर तले बनी इस फिल्म का बजट करीब 60 करोड़ रुपये था. 30 जनवरी 2026 को थिएटर में रिलीज होने के बाद फिल्म ने भारत में 51.77 करोड़ का नेट कलेक्शन किया, वहीं वर्ल्डवाइड इसका कुल कलेक्शन 76.22 करोड़ रुपये रहा. अब ओटीटी पर इसकी सफलता ने फिल्म की पहुंच को और भी बढ़ा दिया है.

First published on: Mar 30, 2026 11:45 AM

Get Breaking News First and Latest Updates from India and around the world on News24. Follow News24 on Facebook, Twitter.