---विज्ञापन---
‘Dhurandhar’ से भी 4 कदम आगे है ये स्पाई थ्रिलर सीरीज, कदम-कदम पर मिलेगा तगड़ा सस्पेंस

आदित्य धर की फिल्म 'धुरंधर' में रणवीर सिंह का 'हमजा' अवतार इन दिनों चर्चा में है, लेकिन अगर आपको लगता है कि जासूसी और हैकिंग का असली रोमांच सिर्फ यहीं है, तो आपको 'तेहरान' (Tehran) सीरीज जरूर देखनी चाहिए. यह इजरायली स्पाई थ्रिलर सीरीज दिमाग और तकनीक की उस जंग को दिखाती है, जिसके आगे बड़े-बड़े एक्शन फीके पड़ जाते हैं.

एमी अवॉर्ड से सम्मानित मास्टरपीस- साल 2020 में आई इस सीरीज ने अपनी जबरदस्त पटकथा के कारण 49वें इंटरनेशनल एमी अवॉर्ड्स में 'बेस्ट ड्रामा सीरीज' का खिताब जीता था. अब तक इसके तीन सफल सीजन आ चुके हैं, और हर सीजन सस्पेंस के नए मानक स्थापित करता है. इसे IMDb पर 7.6 की शानदार रेटिंग मिली है.

लेडी एजेंट तामार राबिनयान का खौफनाक मिशन- कहानी एक यहूदी मोसाद एजेंट तामार राबिनयान (निव सुल्तान) की है. वह न केवल एक जासूस है, बल्कि एक माहिर कंप्यूटर हैकर भी है. उसका मिशन ईरान के परमाणु रिएक्टर को निष्क्रिय करना है. ईरान में पैदा हुई और इजरायल में पली-बढ़ी तामार के लिए यह मिशन सिर्फ पेशेवर नहीं, बल्कि व्यक्तिगत भी बन जाता है.

सीजन दर सीजन बढ़ता रोमांच- पहले सीजन में तामार एक अंडरकवर मिशन पर तेहरान जाती है. अपनी पहचान छिपाते हुए उसे मौत के साये में रहकर तकनीक के जरिए दुश्मन को मात देनी होती है.

सीजन 2- एक फेल मिशन के बाद पकड़े गए इजरायली पायलट को बचाने की जद्दोजहद दिखाई गई है. इसमें हॉलीवुड स्टार ग्लेन क्लोज की एंट्री होती है, जो कहानी में नया मोड़ लाती हैं.

सीजन 3 (2024)- तीसरे सीजन में तामार बिल्कुल अकेली पड़ जाती है. उसकी एजेंसी उसका साथ छोड़ देती है और ईरानी सुरक्षा बल (IRGC) उसके पीछे हाथ धोकर पड़ जाते हैं. इसमें मशहूर अभिनेता ह्यूग लॉरी एक महत्वपूर्ण भूमिका में नजर आए हैं.

एक्शन नहीं, दिमाग का खेल- इस सीरीज की सबसे बड़ी खासियत यह है कि इसमें अंधाधुंध गोलियां नहीं चलतीं, बल्कि यह दिमागी और तकनीकी जंग (Cyber Warfare) पर आधारित है. जासूसी की दुनिया की बारीकियां, कोड क्रैकिंग और दो देशों के बीच के तनाव को इसमें बेहद संजीदगी से दिखाया गया है.

कहां देख सकते हैं?- अगर आप 'धुरंधर' जैसी कहानियों के शौकीन हैं और कुछ वर्ल्ड-क्लास कंटेंट देखना चाहते हैं, तो 'तेहरान' के तीनों सीजन्स Apple TV+ पर उपलब्ध हैं. निव सुल्तान की दमदार अदाकारी और मोशे जोंडर का निर्देशन इस सीरीज को 'मस्ट वॉच' बनाता है.