---विज्ञापन---
आशा भोसले के इस गाने पर जमकर मचा था बवाल! ऑल इंडिया रेडियो ने भी कर दिया था बैन

सुरों की सरताज और भारतीय म्यूजिक इंडस्ट्री की महान सिंगर आशा भोसले का 12 अप्रैल को निधन हो गया. उन्होंने 92 साल की उम्र में दुनिया को अलविदा कह दिया है. उनके निधन से इंडस्ट्री में सभी लोग दुखी हैं. फिल्म कलाकार से लेकर म्यूजिक इंडस्ट्री के तमाम लोगों ने उन्हें श्रद्धांजलि दी. 12000 गाना गाने वाली आशा भोसले की जिंदगी में एक ऐसा गाना भी है जिसपर जमकर बवाल हुआ था और आज हम उसी के बारे में बात करेंगे.

दरअसल, सभी जानते हैं कि आशा भोसले ने अपने करियर में 100 या 200 गाने नहीं बल्कि उन्होंने 12000 गाने गाए हैं. उन्होंने अलग अलग भाषाओं में ये गाने गाए हैं और अपनी सुरीली आवाज से उन्होंने लोगों को दीवाना बना दिया था. उन्होंने अपने करियर में तमाम यादगार गाने गाए हैं. लेकिन एक ऐसा गाना है, जिसपर बवाल मचा था और इतना ही नहीं ऑल इंडिया रेडियो ने इसे बैन कर दिया था.

हम बात कर रहे हैं आशा भोसले के गाने 'दम मारो दम', जो कि साल 1971 में आई फिल्म हरे राम हरे कृष्णा का है. यह गाना उस साल का सबसे विवादित गाना था. इस गाने को रेडियो पर बैन कर दिया गया था और दूरदर्शन पर इसे हटा दिया गया था. हालांकि इस पूरे विवाद के बाद भी आशा को बेस्ट प्लेबैक सिंगर(फीमेल) का फिल्मफेयर अवॉर्ड मिला था.

बता दें कि फिल्म हरे रामा हरे कृष्णा साल 1971 में आई थी. इस फिल्म में देव आनंद और जीनत अमान अहम रोल में दिखे थे. इसके अलावा फिल्म में मुमताज भी नजर आईं थी. फिल्म में गाना दम मारो दम का म्यूजिक आरडी बर्मन ने दिया था और इसे आनंद बक्शी ने लिखा था. इस गाने के दौरान जीनत अमान चिलम फूंकते हुए नजर आ रही थीं और इस गाने के दौरान ‘हरे रामा हरे कृष्णा’ के बोल आने पर खूब विवाद हुआ था.

इतना ही नहीं इस गाने को भारतीय कल्चर के खिलाफ बताया था. क्योंकि इसमें चिलम फूंकने, ड्रग्स आदि की लत को दिखाया गया था. जिसपर लोगों ने काफी सवाल खड़े किए थे. इस गाने को लोगों ने नशे की बुरी लत को बढ़ावा देने वाला कहा था. साथ ही कई संगठनों ने भी इसे इंडियन कल्चर के खिलाफ बताया था. इस विवाद के कारण इसे ऑल इंडिया रेडियो ने प्रसारित करने से मना कर दिया था और बैन लगा दिया था.

वहीं, आशा भोसले को लेकर बात करें तो 11 अप्रैल को उन्हें मुंबई के ब्रीच कैंडी अस्पताल में भर्ती कराया गया था. जहां पर उन्हें चेस्ट में इंफेक्शन के कारण एडमिट करवाया गया था. हालांकि 12 अप्रैल को उनके निधन की खबर सामने आई और इसकी जानकारी खुद उनके बेटे ने दी. इसके बाद 13 अप्रैल को उनके घर पर अंतिम दर्शन रखा गया था, जहां तमाम सेलेब्स पहुंचे. इसके बाद शाम 5 बजे उनके बेटे ने उन्हें मुखाग्नि दी.