---विज्ञापन---
अरिजीत सिंह के करियर का वो ब्लॉकबस्टर गाना, जिसको यूट्यूब पर मिले ताबड़तोड़ 122 करोड़ व्यूज

संगीत की दुनिया में कुछ गाने ऐसे होते हैं जो समय के साथ पुराने नहीं, बल्कि और भी यादगार हो जाते हैं. अरिजीत सिंह की आवाज में गाया गया फिल्म एक गाना, इसका सबसे बड़ा उदाहरण है. इस गाने ने यूट्यूब पर 120 करोड़ से ज्यादा बार देखे जाने का आंकड़ा पार कर लिया है. सुशांत सिंह राजपूत और श्रद्धा कपूर पर फिल्माया गया यह गाना न केवल अरिजीत के करियर का सबसे सफल गाना बन गया है, बल्कि यह आज के युवाओं के दिलों में एक खास जगह बना चुका है.

कौनसा है ये गाना- अरिजीत सिंह ने प्लेबैक सिंगिंग से भले ही सन्यास ले लिया हो, लेकिन उनके गानों ने फैंस के दिल में खूब जगह बनाई है. फिलहाल जिस गाने की हम बात कर रहे हैं, वो 'खैरियत पूछो' है. इस गाने ने सोशल मीडिया पर जमकर तहलका मचाया है.

क्यों खास है यह गाना?- 'खैरियत' गाने की सबसे बड़ी खूबी इसके सरल और दिल को छू लेने वाले बोल हैं, जिन्हें अमिताभ भट्टाचार्य ने लिखा है. प्रीतम के संगीत और अरिजीत सिंह की दर्द भरी आवाज ने इसमें ऐसी जान फूंकी है कि सुनने वाला खुद को इससे जुड़ा हुआ महसूस करता है. यह गाना कॉलेज के प्यार और बिछड़ने के बाद की तड़प को खूबसूरती से बयां करता है, जो हर उम्र के लोगों को पसंद आता है.

अरिजीत सिंह के करियर का जबरदस्त सॉन्ग- यूट्यूब के आंकड़ों के मुताबिक, 'खैरियत' अब अरिजीत सिंह का सबसे ज्यादा बार देखा गया गाना बन गया है. इसने उनके अन्य ब्लॉकबस्टर गानों जैसे 'तुम ही हो' और 'फिर भी तुमको चाहूंगा' को भी पीछे छोड़ दिया है. टी-सीरीज के आधिकारिक यूट्यूब चैनल पर अपलोड किए गए इस वीडियो को अब तक 1.2 बिलियन (122 करोड़) से ज्यादा व्यूज और 8.2 मिलियन (82 लाख) से ज्यादा लाइक्स मिल चुके हैं, जो इसकी लोकप्रियता का सबूत है.

सुशांत सिंह राजपूत की यादें- इस गाने की अपार सफलता के पीछे एक बड़ी वजह दिवंगत अभिनेता सुशांत सिंह राजपूत भी हैं. फिल्म 'छिछोरे' में उनकी सादगी और बेहतरीन अभिनय ने लोगों का दिल जीता था. सुशांत के जाने के बाद उनके फैंस इस गाने को उन्हें एक श्रद्धांजलि के रूप में देखते हैं. वीडियो में सुशांत और श्रद्धा कपूर की केमिस्ट्री आज भी ऑडियंस को भावुक कर देती है.

सोशल मीडिया पर भी छाया जादू- सिर्फ यूट्यूब ही नहीं, बल्कि इंस्टाग्राम रील्स और फेसबुक पर भी 'खैरियत' का क्रेज कम नहीं हुआ है. अरिजीत सिंह द्वारा हाल ही में प्लेबैक सिंगिंग से ब्रेक लेने की खबरों के बीच, इस गाने की उपलब्धि उनके फैंस के लिए एक खुशी का मौका लेकर आई है. यह साबित करता है कि चाहे अरिजीत नए गाने कम गाएं, लेकिन उनके पुराने नग्मे हमेशा ट्रेंड में बने रहेंगे.