---विज्ञापन---
आदित्य धर का मास्टर स्ट्रोक, ‘धुरंधर’ से थिएटर में फिर मचाएंगे धमाल, कहानी होगी पूरी तरह अलग
'धुरंधर' ने जो रिकॉर्ड बनाए हैं, उसे शायद ही कोई फिल्म आसानी से तोड़ पाए, लेकिन क्या आप जानते हैं, कि एक बार फिर 'धुरंधर' के साथ आदित्य धर ने एक बड़ा प्लान बनाया है, जो थिएटर में एक बार फिर तहलका मचाने को तैयार हैं, आइए जानते हैं, क्या है पूरा मामला?
आदित्य धर इस बार कुछ नया करने की प्लानिंग में हैं, और उनका ये मास्टरस्ट्रोल वाकई काबिले तारीफ है, क्योंकि ये जो आइडिया है, वो बेहद अलग और दिलचस्प है. दरअसल, फिल्म 'धुरंधर' की जबरदस्त सक्सेस के बाद अब वो इस फ्रेंचाइजी को एक नए अंदाज में दर्शकों के सामने लाने वाले हैं.
खबरों के मुताबिक, आदित्य धर 'धुरंधर' की मेकिंग यानी पर्दे के पीछे की कहानी को एक पूरी फीचर फिल्म के रूप में सिनेमाघरों में रिलीज करने की प्लानिंग बना रहे हैं. आमतौर पर फिल्मों के 'बिहाइंड-द-सीन्स' (BTS) वीडियो यूट्यूब या सोशल मीडिया पर छोटे-छोटे क्लिप्स के रूप में देखने को मिलते हैं, लेकिन 'धुरंधर' के साथ ऐसा नहीं होगा.
इस बार मेकर्स ने शूटिंग के दौरान रिकॉर्ड किए गए खास फुटेज, कलाकारों के एक्सक्लूसिव इंटरव्यू और फिल्म बनने की पूरी प्रोसेस को जोड़कर एक अलग फिल्म तैयार की है. खास बात ये है, कि इस फिल्म को सीधे थिएटर में रिलीज किया जाएगा, जिससे दर्शकों को एक बिल्कुल नया सिनेमाई एक्सपीरियंस मिलेगा.
बताया जा रहा है, कि इस प्रोजेक्ट के लिए फिल्म की टीम ने काफी रणनीति के साथ काम किया है. रणवीर सिंह और अर्जुन रामपाल जैसे स्टार्स ने अब तक फिल्म को लेकर ज्यादा इंटरव्यू नहीं दिए हैं. इसकी वजह भी खास है, मेकर्स चाहते हैं, कि उनका पहला रिएक्शन और शूटिंग के एक्सपीरियंस इसी BTS फिल्म में देखने को मिले.
यही कारण है, कि फिल्म से जुड़ा कोई भी वीडियो अभी तक सार्वजनिक नहीं किया गया है. आदित्य धर पिछले कुछ समय से सोशल मीडिया पर फिल्म के पीछे काम करने वाले लोगों को खास तौर पर सराह रहे हैं.
उन्होंने सिनेमैटोग्राफर, एक्शन टीम, म्यूजिक और सेट डिजाइन से जुड़े कलाकारों की मेहनत को खुलकर सामने लाने की कोशिश की है. उनका मानना है, कि फिल्म की असली ताकत सिर्फ पर्दे पर दिखने वाले चेहरों में नहीं, बल्कि उन लोगों में भी होती है, जो कैमरे के पीछे रहकर जादू रचते हैं.
अगर ये एक्सपेरिमेंट सफल होता है, तो भारतीय सिनेमा में एक नया ट्रेंड शुरू हो सकता है. अब तक मेकिंग को सिर्फ एक्स्ट्रा कंटेंट माना जाता था, लेकिन इसे थिएटर में रिलीज करना एक बड़ा और अनोखा कदम है.ृ फिलहाल, फैंस को इस अनोखी फिल्म की ऑफीशियली अनाउंसमेंट का बेसब्री से इंतजार है.