Met Gala 2026: फैशन, ग्लैमर और स्टार पावर का सबसे बड़ा संगम… Met Gala एक बार फिर सुर्खियों में है. 2026 में इस इवेंट की चमक-दमक के साथ इसकी कीमतें भी चर्चा का विषय बनी हुई हैं. जहां एक टिकट की कीमत करीब 1 लाख डॉलर (लगभग 90 लाख रुपये) है, वहीं एक टेबल बुक कराने के लिए करीब 3.5 लाख डॉलर यानी लगभग 3 करोड़ रुपये खर्च करने पड़ते हैं. इसके बावजूद ये इवेंट हर साल हाउसफुल रहता है.
भारत में कब देख सकते हैं इवेंट
न्यूयॉर्क के Metropolitan Museum of Art में होने वाला ये इवेंट भारत में 5 मई की सुबह 3 बजे शुरू होगा. रेड कार्पेट पर फिल्म, म्यूजिक, बिजनेस और राजनीति की दुनिया के बड़े नाम नजर आएंगे. इस बार भारत से Karan Johar, Alia Bhatt और Deepika Padukone जैसे सितारों की मौजूदगी की चर्चा है.
50 डॉलर से 1 लाख डॉलर तक का सफर
आज भले ही ये दुनिया का सबसे महंगा इवेंट माना जाता है, लेकिन इसकी शुरुआत 1948 में एक छोटे से फंडरेज़र के रूप में हुई थी. इसे Eleanor Lambert ने शुरू किया था, जहां टिकट सिर्फ 50 डॉलर का था. इसका मकसद म्यूजियम के कॉस्ट्यूम इंस्टीट्यूट के लिए फंड जुटाना था.
किसने बनाया इवेंट को खास?
बाद में Diana Vreeland और फिर Anna Wintour के आने से इस इवेंट का पूरा स्वरूप बदल गया. खासतौर पर अन्ना विंटूर ने इसे एक्सक्लूसिव बना दिया. गेस्ट लिस्ट लिमिटेड, थीम बोल्ड और एंट्री सिर्फ इनवाइट पर रख दी गई.
क्यों महंगा और खास है?
Met Gala सिर्फ एक पार्टी नहीं, बल्कि फैशन और संस्कृति का सबसे बड़ा मंच है. हर साल एक खास थीम होती है, जिसके अनुसार सेलेब्रिटीज अपनी ड्रेस डिजाइन कराते हैं. यही वजह है, कि ये इवेंट दुनिया भर के डिजाइनर्स और ब्रांड्स के लिए भी बेहद खास बन जाता है. इसके अलावा, ये एक बड़ा फंडरेज़र भी है. 2025 में इस इवेंट से करीब 31 मिलियन डॉलर जुटाए गए थे, जो अब तक का रिकॉर्ड है.
सख्त नियम भी हैं खास
Met Gala की चमक के पीछे कई सख्त नियम भी हैं. नो सेल्फी, नो स्मोकिंग और खास तरह का फूड मेन्यू. यहां तक कि कौन किसके साथ बैठेगा? ये भी पहले से तय होता है. यानी, Met Gala सिर्फ पैसा खर्च करने का इवेंट नहीं, बल्कि स्टाइल, स्टेटस और एक्सक्लूसिविटी का ऐसा कॉम्बिनेशन है, जहां हर कोई जाना चाहता है, लेकिन हर किसी को मौका नहीं मिलता.