बॉलीवुड की एक्ट्रेस और बिजनेसमैन टीना अंबानी इन दिनों गहरे दुख से गुजर रही हैं. उनकी बड़ी बहन जर्ना का निधन हो गया है, जिसकी जानकारी उन्होंने खुद सोशल मीडिया के जरिए दी. बहन के जाने से टीना भावुक हुईं, और उन्होंने इंस्टाग्राम पर एक दिल छू लेने वाला पोस्ट शेयर किया.
टीना ने लिखा इमोशनल पोस्ट
टीना ने अपनी बहन को याद करते हुए, कुछ अनदेखी तस्वीरें भी शेयर कीं, जिनमें दोनों के बीच का बॉन्ड साफ दिखा है. उन्होंने अपने पोस्ट में लिखा, कि उनकी बड़ी बहन उनके लिए दूसरी मां जैसी थीं. टीना ने बताया कि जर्ना ने ही प्यार से उनका कन्यादान किया था, और उन्हें उनके नए परिवार को सौंपा था, लेकिन साथ ही ये भी सुनिश्चित किया कि वो अपने मायके से हमेशा जुड़ी रहें.
टीना ने बहन के लिए कही ये बात
टीना ने अपनी बहन को परिवार की सबसे चमकदार और प्यार भरी शख्सियत बताया. उन्होंने लिखा, कि जर्ना की ग्रेस, एनर्जी और गर्मजोशी ने न सिर्फ उन्हें बल्कि पूरे परिवार बहनों, बच्चों और यहां तक कि पोते-पोतियों को भी इंस्पायर्ड किया. उनके जाने से परिवार में एक बड़ा खालीपन आ गया है, जिसे भर पाना आसान नहीं होगा. टीना ने आखिरी में लिखा, ‘ऊं शांति, मेरी जिया… आपका प्यार हमेशा हमारी पीढ़ियों में जिंदा रहेगा.’
टीना की पोस्ट से फैंस हुए भावुक
टीना अंबानी की इस पोस्ट को देखकर फैंस भी इमोशनल हो गए. सोशल मीडिया पर लोग उनकी बहन की आत्मा की शांति के लिए प्रार्थना कर रहे हैं, और टीना को इस कठिन समय में हिम्मत रखने की सलाह दे रहे हैं. वहीं टीना अंबानी के करियर की बात करें, तो उन्होंने 70 और 80 के दशक में बॉलीवुड में कई हिट फिल्मों में काम किया है.
शानदार रहा फिल्मी करियर
उनकी पहली फिल्म ‘देश परदेश’ थी, जिसके बाद उन्होंने ‘कर्ज’, ‘रॉकी’, ‘पुकार’ और ‘मुकद्दर का फैसला’ जैसी फिल्मों में अपनी पहचान बनाई. हालांकि, अंनिल अंबानी से शादी के बाद उन्होंने फिल्मी दुनिया को अलविदा कह दिया था.
परिवार के साथ खुशी से हैं टीना
टीना और अनिल अंबानी की शादी 1991 में हुई थी, और उनके दो बेटे हैं. आज भी ये कपल इंडस्ट्री के चर्चित और पसंदीदा जोड़ों में गिना जाता है, लेकिन इस वक्त टीना के जीवन में जो दुख आया है, उसने उनके चाहने वालों को भी भावुक कर दिया है.