Shekhar Kapur: 15 साल के स्टार क्रिकेटर वैभव सूर्यवंशी (Vaibhav Sooryavanshi) अपनी जबरदस्त बैटिंग से हर किसी का दिल जीत रहे हैं. बड़े-बड़े सेलेब्स लगातार वैभव की सराहना कर रहे हैं. इसी बीच बॉलीवुड के मशहूर फिल्ममेकर शेखर कपूर ने 31 मई को एक ऐसी पोस्ट शेयर की, जिसे देखकर फिल्म और क्रिकेट के फैंस के बीच खलबली मच गई.
अपने आधिकारिक X अकाउंट पर शेखर कपूर ने राजस्थान रॉयल्स के युवा खिलाड़ी वैभव सूर्यवंशी की एक तस्वीर शेयर करते हुए लिखा, “अगर सूर्यवंशी इतने सेंसेशनल क्रिकेटर नहीं होते तो मैं उन्हें ‘मासूम’ फिल्म में कास्ट कर सकता था.” शेखर कपूर का ये पोस्ट सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हुआ. शेयर की गई पोस्ट में 15 साल के सूर्यवंशी गुलाबी जर्सी में बल्ला उठाए नजर आ रहे हैं.
If sooryavanshi wasn’t such a sensational cricketer.. I could have cast him in Masoom the film z.. pic.twitter.com/p8vaLzq1e2
— Shekhar Kapur (@shekharkapur) May 31, 2026
‘मासूम’ का सीक्वल बना रहे शेखर कपूर
फिल्ममेकर शेखर कपूर इन दिनों अपनी फिल्म मासूम के सीक्वल यानी ‘मासूम: द न्यू जेनरेशन’ को लेकर सुर्खियों में हैं. ये फिल्म साल 1983 में आई फिल्म ‘मासूम’ को एक नए सिरे से दिखाएगी. फिल्म एक आधुनिक दृष्टिकोण से पहचान, परिवार, प्यार और माइग्रेशन के बदलते विचारों को दिखाएगी. साथ ही इसमें वो इमोशनल टच भी देखने को मिलेगा, जो हर उम्र के दर्शकों को पसंद आएगा.

फिल्म में नजर आएंगे ये कलाकार
रिपोर्ट्स की मानें तो, इस फिल्म में नसीरुद्दीन शाह, शबाना आजमी, मनोज बाजपेयी, नित्या मेनन और कावेरी कपूर जैसे स्टार्स लीड रोल में नजर आएंगे. फिलहाल ये फिल्म प्री-प्रोडक्शन मोड में है और इस साल के अंत में इसका प्रोडक्शन शुरू होने की उम्मीद है. फिल्म को लेकर बाकी जानकारी अभी सामने नहीं आई है.

इतिहास रच रहे वैभव सूर्यवंशी
बात करें वैभव सूर्यवंशी की तो, बिहार के इस 15 साल के खिलाड़ी ने अपनी बैटिंग से पूरी दुनिया में तहलका मचा दिया हैं. इस साल आईपीएल और भारत की अंडर-19 टीम में वैभव ने अपनी शानदार बैटिंग से हर किसी को चौंका दिया है. राजस्थान रॉयल्स के लिए आईपीएल 2026 में वैभव ने बेहतरीन खेल दिखाया. वैभव इस साल आईपीएल में सबसे अधिक रन बनाने वाले खिलाड़ी हैं और ऑरेंज कैप भी उन्हें के पास है. उन्होंने 237 से अधिक के स्ट्राइक रेट से 776 रन बनाए, जिसमें एक शतक, कई अर्धशतक और रिकॉर्ड 72 छक्के शामिल हैं.