Rohit Shetty: कुछ महीने पहले फिल्ममेकर रोहित शेट्टी के जुहू स्थित घर पर फायरिंग की घटना हुई थी. इसकी जिम्मेदारी बिश्नोई गैंग ने ली थी. इस घटना के कुछ ही महीनों बाद रोहित को लॉरेंस बिश्नोई गैंग से एक नई धमकी मिली है. रिपोर्ट्स के मुताबिक, गैंग ने फिल्ममेकर से 20 करोड़ रुपये की रंगदारी की मांग की है. डायरेक्टर को ये धमकी एक ऑडियो क्लिप के जरिए दी गई, जिसमें सीधे तौर पर कहा गया कि रोहित रकम नहीं देते हैं, तो इस बार उन्हें सीधे गोली मार दी जाएगी.
रोहित शेट्टी को जान से मारने की धमकी
IANS के मुताबिक, सामने आई ऑडियो क्लिप में रोहित को बेहद डरावनी और सीधी चेतावनी दी गई है. आरोपी ने कहा कि रोहित शेट्टी के जुहू वाले घर पर हुई फायरिंग तो बस आने वाली घटना की एक झलक थी. अब आगे वो एक बहुत बड़ा कदम उठाने जा रहे हैं. धमकी में साफ कर दिया कि अगर डायरेक्टर इस बार उनकी मांगें नहीं मानते हैं, तो गोलियां उनकी प्रॉपर्टी पर नहीं, बल्कि सीधे उन पर चलाई जाएंगी. लॉरेंस बिश्नोई गैंग ने ऑडियो क्लिप में फिल्ममेकर से 20 करोड़ रुपये की रंगदारी की मांग की है और न देने पर गंभीर नतीजे भुगतने की बात कही है. पुलिस के मुताबिक, ये मामला शनिवार सुबह सामने आया जब शेट्टी के स्टाफ को लगभग 90 सेकंड की एक ऑडियो क्लिप मिली.
वांटेड अपराधी की खोज में जुटी पुलिस
पुलिस इस ऑडियो को लेकर जांच कर रही है. शुरुआती रिपोर्ट में माना जा रहा है कि क्लिप में सुनाई दे रही आवाज शुभम लोनकर की है, जो लॉरेंस बिश्नोई का करीबी साथी है और पहले से ही एक वांटेड अपराधी है. पुलिस पहले से ही बाबा सिद्दीकी की 2024 में हुई हत्या और फरवरी 2026 में रोहित के जुहू स्थित घर के बाहर हुई फायरिंग की घटना मामले में शुभम लोनकर की तलाश कर रही है. मुंबई क्राइम ब्रांच के एक अधिकारी ने पुष्टि की कि रोहित शेट्टी के स्टाफ ने बिना समय बर्बाद किए तुरंत वह ऑडियो क्लिप जांच के लिए पुलिस को सौंप दी.
पुलिस इस मामले पर गंभीरता से काम कर रही है. शुरुआती जांच के आधार पर अधिकारियों का मानना है कि क्लिप में सुनाई देने वाली आवाज शुभम लोनकर की है. हालांकि अभी इसकी आधिकारिक पुष्टि होनी बाकी है. इसके लिए ऑडियो क्लिप को फॉरेंसिक जांच के लिए भेजा गया है और जांचकर्ता नतीजों का बेसब्री से इंतजार कर रहे हैं.