Gaurav Khanna Khatron Ke Khiladi 15: टीवी का पॉपुलर रियलिटी शो ‘खतरों के खिलाड़ी’ अपने 15वें सीजन के साथ एक बार फिर दर्शकों में डर का माहौल बनाने के लिए तैयार है. केपटाउन में होने वाले इस सीजन में काफी कुछ नया और खतरनाक दिखने वाला है. दर्शक इसे लेकर काफी ज्यादा उत्साहित नजर आ रहे हैं. खतरों के खिलाड़ी के इस नए सीजन में दिल दहला देने वाली और रोमांच से भरपूर एक्शन देखने को मिलेगा.
मां नहीं चाहती थी कि गौरव ‘खतरों के खिलाड़ी’ ज्वाइन करें
दिलचस्प बात ये है कि इस सीजन में बिग बॉस 19 के विजेता गौरव खन्ना भी शामिल हो रहे हैं, जो एक बिल्कुल अलग मुकाम हासिल करने के लिए तैयार हैं. लेकिन इस शो में शामिल होने से पहले गौरव को घर पर एक बड़ी भावनात्मक चुनौती का सामना करना पड़ा. दरअसल गौरव खन्ना की मां नहीं चाहती थीं कि गौरव ‘खतरों के खिलाड़ी’ शो का हिस्सा बने.
बेटे की सुरक्षा को लेकर मां को चिंता
गौरव खन्ना ने बताया कि बिग बॉस के दौरान मां ने उन्हें भावनात्मक रूप से काफी परेशान होते देखा था. उनकी मां को इस बात की गहरी चिंता थी कि वो एक ऐसे फॉर्मेट में हिस्सा ले रहे हैं जो प्रतियोगियों की मानसिक और शारीरिक दोनों तरह से परीक्षा लेता है. ऐसे में उनकी मां को लगातार गौरव की सुरक्षा को लेकर चिंता रहती है. गौरव के मुताबिक मां ने बार-बार उनसे अपना फैसला बदलने के लिए भी कहा था. गौरव मानते हैं कि उन्हें अपनी मां को इसके लिए मनाने में काफी मशक्कत करनी पड़ी, तब जाकर उनकी मां राजी हुईं.
फिर एक साथ आएंगे बिग बॉस हाउसमेट्स
रिपोर्ट्स की मानें तो, बिग बॉस 19 के विजेता गौरव खन्ना अपने कुछ पुराने बिग बॉस हाउसमेट्स के साथ ‘खतरों के खिलाड़ी 15’ में फिर से जुड़ रहे हैं. बताया जा रहा है कि इसमें फरहाना भट्ट के अलावा अविनाश मिश्रा, रुबीना दिलाइक और जैस्मीन भसीन भी शामिल हो सकते हैं. बिग बॉस 19 के बाद इन सभी कंटेस्टेंट्स को एक साथ खतरों के खिलाड़ी में देखना दर्शकों के लिए खास होने वाला है.