Entertainment Live Update: टीवी की पॉपुलर एक्ट्रेस दिव्यांका त्रिपाठी के लिए इस बार दिवाली की खुशियां एक दर्दनाक हादसे की वजह से मातम में बदल गईं. त्योहार से ठीक एक रात पहले उनकी रिहायशी बिल्डिंग में भीषण आग लग गई थी. इस हादसे में दिव्यांका और उनके पति विवेक दहिया का परिवार तो बाल-बाल बच गया, लेकिन बिल्डिंग में तैनात गार्ड धनपत की जान चली गई. अब एक्ट्रेस ने उन्हें याद करते हुए सोशल मीडिया पर ऐसा भावुक पोस्ट शेयर किया है, जिसे पढ़कर किसी की भी आंखें नम हो जाएंगी.
गार्ड की मौत से टूट गईं दिव्यांका
दिव्यांका ने अपनी पोस्ट में बताया कि धनपत अंकल उनके लिए सिर्फ बिल्डिंग के गार्ड नहीं थे, बल्कि परिवार का हिस्सा बन चुके थे. उनका परिवार जब अपने बच्चों को पहली बार घर लेकर आया था, तब उन्हें आशीर्वाद देने वालों में धनपत अंकल भी शामिल थे. एक्ट्रेस ने कभी सोचा भी नहीं था कि जिस शख्स को वह अपने परिवार का हिस्सा मानती हैं, उसे इस तरह खोना पड़ेगा.
उन्होंने लिखा, ‘कुछ नुकसान अपने पीछे ऐसी खामोशी छोड़ जाते हैं, जो कभी पूरी तरह खत्म नहीं होती.’ दिव्यांका के मुताबिक, परिवार ने सोचा था कि जब उनके बच्चे बड़े होंगे, तब भी धनपत अंकल उनके जीवन का हिस्सा बने रहेंगे.
आग लगने के वक्त घर पर ही था परिवार
हादसे वाली रात दिव्यांका और उनके परिवार ने कहीं बाहर जाने का प्लान बनाया था, लेकिन किसी न किसी वजह से उन्हें निकलने में देरी हो गई. जब बिल्डिंग में आग लगी, तब सभी घर पर ही मौजूद थे. इस वजह से उन्हें समय रहते खतरे का पता चल गया और वे बच्चों, परिवार के सदस्यों और स्टाफ के साथ सुरक्षित बाहर निकलने में कामयाब रहे.
शुरुआत में उन्हें लगा कि हादसे में सिर्फ घर के सामान का नुकसान हुआ है, लेकिन जब धनपत अंकल की मौत की खबर मिली तो दिव्यांका और विवेक पूरी तरह टूट गए. दोनों को इस खबर पर यकीन करना मुश्किल हो रहा था. दोस्त के घर पहुंचने के बाद भी उन्हें उम्मीद थी कि शायद यह खबर सच न हो.
‘हम आपको बहुत याद करेंगे’
एक्ट्रेस ने बताया कि हादसे के बाद धीरे-धीरे बिल्डिंग में बिजली, गैस और लिफ्ट जैसी सुविधाएं बहाल कर दी गईं, लेकिन धनपत अंकल की कमी कभी पूरी नहीं हो सकती. उन्होंने लिखा, ‘उस दिवाली आग ने हमारे घर की रोशनी फीकी कर दी, लेकिन एक अनमोल जान के जाने से दिलों में ऐसा अंधेरा छा गया, जिसे कोई रोशनी दूर नहीं कर सकती.’
दिव्यांका ने कहा कि जब उनके बच्चे बड़े होकर इन बातों को समझने लगेंगे, तब वह और विवेक उन्हें धनपत अंकल के बारे में जरूर बताएंगे. वह उन्हें बताएंगे कि एक नेक इंसान हुआ करते थे, जो घर आने पर हमेशा उन्हें आशीर्वाद देते थे. आखिर में एक्ट्रेस ने धनपत अंकल की आत्मा की शांति के लिए प्रार्थना की और कहा कि वह उन्हें हमेशा याद रखेंगी.
बॉक्स ऑफिस कलेक्शन
रणबीर कपूर की फिल्म ‘रामायण: पार्ट 1’ इन दिनों बॉक्स ऑफिस पर जमकर धमाल मचा रही है. फिल्म को रिलीज हुए पांच दिन हो चुके हैं और हर दिन इसकी कमाई के आंकड़े चौंका रहे हैं. खास बात यह है कि शुरुआती दिनों में थोड़ी धीमी रफ्तार के बाद फिल्म ने सोमवार को ऐसी छलांग लगाई कि बड़े-बड़े रिकॉर्ड पीछे छूट गए. सैकनिल्क की रिपोर्ट के मुताबिक, फिल्म ने पांचवें दिन अपनी अब तक की सबसे बड़ी एक दिन कमाई दर्ज की है. सोमवार को भारत में 23,911 शोज के जरिए फिल्म ने 107.50 करोड़ रुपये नेट कमाई की है. इसके साथ ही, यह किसी भारतीय फिल्म के लिए अब तक की सबसे बड़ी सोमवार की कमाई बन गई है. इसने रणवीर सिंह की फिल्म ‘धुरंधर 2’ का रिकॉर्ड तोड़ दिया है, जिसने अपने पहले सोमवार को 60 करोड़ रुपये की नेट कमाई की थी.