Chinmayi Sripada: बीते दिनों केतन अग्रवाल हत्याकांड देशभर में चर्चा का विषय बना रहा. इस मुद्दे पर फिल्ममेकर और एक्टर राहुल रवींद्रन ने इस घटना को पुरुषों से जुड़ी किसी व्यापक या सिस्टम आधारित समस्या मानने से इनकार किया. उनके इस बयान को लेकर सोशल मीडिया पर कुछ लोगों ने उन्हें और उनकी पत्नी, सिंगर चिन्मयी श्रीपदा को निशाना बनाना शुरू कर दिया. मामला इतना बढ़ गया कि कुछ ट्रोलर्स चिन्मयी-राहुल रवींद्रन के 3 साल के बच्चों के लिए भी आपत्तिजनक बाते करने लगे. इसे लेकर चिन्मयी ने एक वीडियो के जरिए नाराजगी जताई है.
चिन्मयी श्रीपदा ने सुनाई आपबीती
ऑनलाइन ट्रोलिंग से परेशान होकर राहुल रवींद्रन ने X (पहले ट्विटर) छोड़ने का फैसला किया. वहीं उनकी पत्नी सिंगर चिन्मयी श्रीपदा ने सोशल मीडिया पर सामने आकर ट्रोलर्स की कड़ी आलोचना की. अपने X पर करीब 7 मिनट का एक वीडियो शेयर करते हुए उन्होंने बताया कि वो और उनका परिवार कई वर्षों से ऑनलाइन ट्रोलिंग और दुर्व्यवहार का सामना कर रहे हैं. उन्होंने कहा कि हाल ही में कुछ लोगों ने उनके 3 साल के बेटे की मौत की कामना की. चिन्मयी बताती हैं कि उनके पति एक्टर राहुल रवींद्रन का सब्र तब टूट गया, जब उन्होंने एक ऐसी पोस्ट देखी, जिसमें उनके बेटे की मौत के लिए प्रार्थना करने की बात लिखी गई थी. इतना ही नहीं, उस पोस्ट में दूसरे लोगों से भी ऐसा करने की अपील की गई थी. आगे चिन्मयी ने कहा कि ये सब केवल इसलिए हुआ क्योंकि कुछ लोग अपने गुस्से और भावनाओं पर नियंत्रण नहीं रख पाए.
PSA 🙂 pic.twitter.com/owqbw6XLck
— Chinmayi Sripaada (@Chinmayi) July 6, 2026
छोटे बच्चों को निशाना बनाना पूरी तरह अस्वीकार्य
करीब 7 मिनट के वीडियो में चिन्मयी श्रीपदा ने काफी कुछ कहा. उन्होंने रेप कल्चर, महिलाओं के प्रति नफरत, यौन उत्पीड़न और सोशल मीडिया पर बढ़ती नफरत जैसे मुद्दों पर भी अपनी बात रखी. उन्होंने कहा कि ऑनलाइन अपशब्द कहना आज आम बात बन चुकी है, लेकिन किसी के छोटे बच्चों को इस तरह निशाना बनाना पूरी तरह अस्वीकार्य है. वीडियो के अंत में सिंगर ने उन लोगों का नाम भी लिया जिन्होंने उनके जुड़वां बच्चों श्रावस और द्रिप्तह के खिलाफ आपत्तिजनक बातें लिखीं.
नफरत फैलाने वाले लोगों पर भड़की सिंगर
चिन्मयी ने बच्चों के खिलाफ इस तरह नफरत फैलाने वाले लोगों के लिए कहा कि ऐसे लोगों को सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म पर जगह नहीं मिलनी चाहिए. उन्होंने कहा कि जो लोग मासूम बच्चों के प्रति इस तरह की हिंसक सोच रखते हैं, उन्हें वह गंभीर मानसिकता की समस्या वाला मानती हैं. चिन्मयी ने ऐसे लोगों से अपने अकाउंट हटाने की अपील भी की.
क्या है पूरा मामला?
दरअसल केतन अग्रवाल मर्डर केस के बाद X पर एक यूजर ने डायरेक्टर राहुल रविंद्रन की तेलुगु फिल्म ‘द गर्लफ्रेंड’ का एक सीन शेयर किया. यूजर ने दावा किया कि ऐसी फिल्में महिलाओं के पक्ष से जुड़ी कुछ कहानियां तो दिखाती हैं, लेकिन पुणे मर्डर केस जैसी घटनाओं को नजरअंदाज कर देती हैं. इस पोस्ट के बाद ये मामला सोशल मीडिया पर चर्चा का विषय बन गया. कुछ यूजर्स ने पुरुषों पर अत्याचार को लेकर उन्हें फिल्म बनाने की सलाह दी. इस टिप्पणी के बाद राहुल रविंद्रन ने अपनी बात स्पष्ट करते हुए सोशल मीडिया पर जवाब दिया. हालांकि कुछ लोगों ने उनकी खूब ट्रोलिंग की और परिवार के सदस्यों को भी निशाना बनाया.