Sunita Ahuja Big Statement on Govinda: बॉलीवुड के सुपरस्टार गोविंदा की पत्नी सुनीता आहूजा एक बार फिर से अपने शादीशुदा रिश्ते को लेकर चर्चा में आ गई हैं. एक्ट्रेस कोमल रानी स्वर्णकार के साथ गोविंदा के अफेयर की खबरों के बीच सुनीता ने अपनी 40 साल पुरानी शादी के रिश्ते को लेकर एक बड़ा बयान दिया है. दरअसल, सुनीता ने अब भरोसा जताया है कि वह और गोविंदा फिर से साथ आएंगे. इसके साथ सुनीता ने ये भी कहा कि इस जिंदगी में कोई उन्हें अलग नहीं कर सकता है. चलिए जानते हैं कि उन्होंने क्या कुछ कहा है.
गोविंदा के साथ दीवाली सेलिब्रेशन
पिंकविला को दिए एक इंटरव्यू में सुनीता ने गोविंदा के साथ अपनी दीवाली सेलिब्रेशन को याद करते हुए कहा, ‘पहले गोविंदा मेरे लिए सोना खरीदते थे, गिफ्ट्स देते थे. उनसे जो भी शगुन मिलता था, हम उसकी शॉपिंग करने जाते थे. कभी-कभी वह मुझे और टीना को ज्वेलरी खरीदने भी ले जाते थे. वे दिन जल्द ही फिर आएंगे और हम साथ में ज्वेलरी शॉपिंग करने जाएंगे.’
आप समय से नहीं लड़ सकते…
इस दौरान सुनीता ने फिर से अपने खुशहाल परिवार की उम्मीद जताते हुए कहा, ‘बेशक, हम देखेंगे; क्यों नहीं? अभी, समय हमारे पक्ष में नहीं है और आप समय से नहीं लड़ सकते. यह 40 साल पुरानी शादी है; यह क्यों नहीं चलेगी? यह ठीक है. वह वही कर रहा है जो उसे पसंद है. मैं काम कर रही हूं. मेरा पूरा ध्यान काम पर है, लेकिन इस जिंदगी में कोई हमें अलग नहीं कर सकता. बाकी, मैंने सब कुछ ऊपर वाले पर छोड़ दिया है. भगवान के अलावा, मैं किसी से कुछ नहीं मांगती. जो भी उसके और मेरे लिए सही होगा, भगवान हमें वही देंगे.’
गोविंदा और सुनीता की अनबन
गोविंदा और उनकी पत्नी सुनीता के बीच अनबन की खबरें हमेशा सुर्खियों में बनी रहती हैं. इस कपल के बीच विवाद तब शुरू हुआ, जब एक्टर का अपनी आने वाली फिल्म की को-स्टार कोमल रानी स्वर्णकार के साथ रिलेशनशिप की अफवाह उड़ी. दिसंबर 2024 में सुनीता ने कथित तौर पर एडल्टरी और क्रूरता का हवाला देते हुए तलाक के लिए अर्जी दी थी. लेकिन बाद में अगस्त 2026 में अपनी अर्जी वापस ले ली.