Oh My Dog Postponed: पंकज त्रिपाठी स्टारर फिल्म ‘ओह माय डॉग’ की रिलीज टाल दी गई है. हाल ही में फिल्म के डायरेक्टर अमित राय ने इसकी जानकारी दी. ये फिल्म 31 जुलाई को रिलीज होने वाली थी. लेकिन अब इसे 7 अगस्त को रिलीज किया जाएगा. आखिर रिलीज से 4 दिन पहले अचानक क्यों इस फिल्म की रिलीज डेट आगे बढ़ा दी गई? आइए जानते हैं डायरेक्टर ने इसे लेकर क्या कुछ कहा.
क्यों टली पंकज त्रिपाठी की फिल्म ‘ओह माय डॉग’?
पंकज त्रिपाठी स्टारर फिल्म ‘ओह माय डॉग’ के डायरेक्टर अमित राय के मुताबिक थिएटर्स में पहले से ही ‘ओडिसी’ और ‘धमाल 4’ जैसी बड़ी फिल्में लगी हुई हैं. वहीं जल्द ही सिनेमाघरों में हॉलीवुड फिल्म ‘स्पाइडर-मैन’ रिलीज हो रही है, जिसके करीब 50 करोड़ रुपये की ओपनिंग के साथ इतिहास रचने की उम्मीद है. इससे दूसरी फिल्मों के लिए बहुत कम जगह बचेगी. डायरेक्टर के मुताबिक ‘ओह माय डॉग’ एक फैमिली एंटरटेनर फिल्म है, इसलिए इसकी ऑडियंस भी उन फिल्मों की ऑडियंस जैसी ही है. फिल्म को लेकर अमित राय ने कहा, ‘इतनी अच्छी फिल्म बनाने के बाद भी हमें स्क्रीन्स पर जगह नहीं मिलेगी.’ आगे उन्होंने कहा, ‘अगर पर्याप्त स्क्रीन्स नहीं मिलीं तो फिल्म की मार्केटिंग और रिलीज की रणनीति योजना के मुताबिक काम नहीं कर पाएगी. इस फिल्म में पूरी क्षमता है लेकिन बस इसे जगह नहीं मिल पाएगी.’
डायरेक्टर ने बताई वजह
डायरेक्टर अमित राय का मानना है कि रिलीज आगे बढ़ाने से इस फिल्म को कमाई में फायदा होगा. वो कहते हैं, ‘थोड़ी देर के लिए पीछे हटने और रिलीज को एक हफ्ते आगे बढ़ाने का फैसला किया, जिससे वो तब थिएटर में आ सकें जब दर्शक बड़ी फिल्में देख चुके हों. तब तक हमारी फिल्म के लिए थोड़ी जगह बन जाएगी. शायद हम वहां आगे बढ़ सकें, अच्छा परफॉर्म कर सकें. ‘रिलीज को आगे बढ़ाने के पीछे यही बहुत ठोस वजह है.’
फिल्म के बारे में
बात करें फिल्म की तो पंकज त्रिपाठी स्टारर ‘ओह माय डॉग’ (Ohh My Dog) अब 7 अगस्त 2026 को सिनेमाघरों में दस्तक देगी. अमित राय के डायरेक्शन में बनी ये फिल्म इंसान और जानवरों के बीच के खूबसूरत रिश्ते और डॉग ट्रैफिकिंग (कुत्तों की तस्करी) जैसे गंभीर मुद्दे पर आधारित है.