‘हनुमान अंश’ की अपार सफलता किसी से छिपी नहीं है, बेहद कम बजट में बनी इस फिल्म ने बॉक्स ऑफिस पर नोटों की बारिश कर दी है, तो वहीं इसके गानों ने लोगों को भक्ति का अलग ही सागर दिया है, जिसमें हर कोई आस्था की डुबकी लगा रहा है. हाल ही में सोशल मीडिया पर एक ऐसा वीडियो वायरल हो रहा है, जिसने लोगों को ऐसा आनंद दिया जिसे लोग बार-बार देख रहे हैं.
आसमान में गूंजा ‘मैंने तेरे ही भरोसे हनुमान’
‘हनुमान अंश’ को लेकर दर्शकों के बीच जबरदस्त क्रेज देखने को मिल रहा है. फिल्म की कहानी और किरदारों के साथ-साथ इसका म्यूजिक भी लोगों की जुबान पर चढ़ा हुआ है. खासकर भक्ति गीत ‘मैंने तेरे ही भरोसे हनुमान’ ने खूब पॉपुलैरिटी हासिल की है. अब इस भजन को गाने वाले गायक सुनील लोधी जब फ्लाइट में बैठे तो उन्हें लोगों ने पहचान लिया और उनसे वही भजन गाने की सिफारिश की, जिसके बाद सुनील ने अपने सुर छेड़े और गाना शुरू किया, जिसके बाद उनकी आवाज ने कुछ ही पलों में पूरी फ्लाइट को भक्तिमय बना दिया. इसी बीच कुछ लोगों ने इसका वीडियो बना लिया जो सोशल मीडिया पर वायरल हो रहा है.
फ्लाइट में यात्रियों ने पहचान लिया गायक
दरअसल, सुनील लोधी भोपाल से मुंबई जा रहे थे. इसी दौरान फ्लाइट में मौजूद कुछ यात्रियों ने उन्हें पहचान लिया. यात्रियों को पता चला कि उनके बीच ‘हनुमान अंश’ के चर्चित भजन ‘मैंने तेरे ही भरोसे हनुमान’ के गायक बैठे हैं, तो उन्होंने सुनील से गाना सुनाने की फरमाइश कर दी.
सुनील ने छेड़ी सुरों की तान
सुनील ने भी यात्रियों को निराश नहीं किया. उन्होंने जैसे ही अपनी सुरीली आवाज में भजन शुरू किया, फ्लाइट का माहौल ही बदल गया. यात्री तालियां बजाने लगे और कई लोग उनके साथ भजन गुनगुनाते नजर आए. देखते ही देखते प्लेन के अंदर एक खूबसूरत और आध्यात्मिक माहौल बन गया.
यात्रियों ने बनाया वीडियो, हुआ वायरल
इस दौरान कई यात्री इस खास पल को अपने मोबाइल कैमरे में कैद करते नजर आए. वीडियो सोशल मीडिया पर सामने आते ही लोग सुनील की आवाज और सादगी की जमकर तारीफ कर रहे हैं.
बेहद साधारण परिवार से आते हैं सुनील
सुनील लोधी मध्य प्रदेश के सागर जिले के जैसीनगर ब्लॉक के छोटे से गांव अगरा के रहने वाले हैं. उनका परिवार बेहद साधारण है. उनके पिता के पास करीब एक एकड़ जमीन है और सुनील चार भाई-बहनों में सबसे बड़े हैं.
सुनील जन्म से दृष्टिबाधित हैं. इसी वजह से वह औपचारिक स्कूली शिक्षा हासिल नहीं कर सके. हालांकि, मुश्किलों के आगे उन्होंने कभी हार नहीं मानी और संगीत को ही अपनी दुनिया बना लिया.
10 साल की उम्र में थामा तांबूरा
बताया जाता है कि सुनील ने करीब 10-11 साल की उम्र में गांव के बुजुर्गों के बीच बैठकर तांबूरा बजाना सीखा था. इसके बाद उन्होंने स्थानीय कार्यक्रमों और धार्मिक आयोजनों में भजन गाना शुरू किया. धीरे-धीरे उनकी आवाज लोगों तक पहुंचती गई और उन्हें बड़े मंच मिलने लगे.
लोगों के दिलों तक पहुंची सुनील की आवाज
‘हनुमान अंश’ के भजन ने सुनील लोधी को राष्ट्रीय स्तर पर पहचान दिला दी है. आज उनकी आवाज फिल्म के दर्शकों के बीच खूब पसंद की जा रही है. फ्लाइट का यह वीडियो भी इसी बात का सबूत है कि उनकी आवाज अब सिर्फ मंच तक सीमित नहीं रही, बल्कि लोगों के दिलों तक पहुंच चुकी है.