Diljit Dosanjh On Join Politics: क्या थलपति विजय की तरह एक्टर-सिंगर दिलजीत दोसांझ भी राजनीति में एंट्री करेंगे? दरअसल ग्लोबल आइकन दिलजीत दोसांझ को लेकर पंजाब में एक नई बहस छिड़ गई है. रिटायर्ड ब्यूरोक्रेट्स और सेना के पूर्व अधिकारियों के एक ग्रुप ने अपील की थी कि दिलजीत को पंजाब की राजनीति की कमान संभालनी चाहिए. इस ग्रुप का मानना है कि दिलजीत पंजाब का वह चेहरा बन सकते हैं, जो बदलाव ला सके. हालांकि, दिलजीत ने बड़ी ही विनम्रता के साथ इस सुझाव को ठुकरा दिया है. उन्होंने सोशल मीडिया पर अपने दिल की बात साझा करते हुए बताया कि उनके लिए मनोरंजन की दुनिया ही सबसे बढ़कर है.
राजनीति में आने की सार्वजनिक अपील
सिविल सोसाइटी के एक्टिविस्टों और रिटायर्ड सैनिकों के एक समूह ने, जिसका नेतृत्व पूर्व ब्यूरोक्रेट एस.एस. बोपाराई कर रहे थे, दिलजीत से राजनीति में आने की अपील की थी. उनका मानना था कि दिलजीत जैसे निष्पक्ष और चहेते कलाकार को पंजाब का नया नेता बनना चाहिए.
दिलजीत ने सुझाव को ठुकराया
सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म X पर इस अपील का जवाब देते हुए दिलजीत ने साफ किया कि वह राजनीति में नहीं आएंगे. उन्होंने पंजाबी में लिखा, “कदे वी नहीं (कभी भी नहीं)… मेरा काम लोगों का मनोरंजन करना है और मैं अपने इसी काम में बहुत खुश हूँ. आपका बहुत-बहुत धन्यवाद.”
आलोचनाओं का दिया करारा जवाब
कनाडा के एडमंटन में अपने ‘ऑरा टूर’ के दौरान दिलजीत ने उन लोगों पर भी बात की जो उन्हें ‘खालिस्तानी’ कहकर निशाना बनाते हैं. उन्होंने दुख जाहिर करते हुए कहा कि कुछ लोग उनके ही लोकप्रिय नारों को बदलकर उनका मजाक उड़ाते हैं, जो कि गलत है.
फिल्मी पर्दे पर ‘बॉर्डर 2’ का जलवा
काम की बात करें तो दिलजीत को हाल ही में साल 2026 की बड़ी फिल्म ‘बॉर्डर 2’ में देखा गया. इस फिल्म में उन्होंने सनी देओल और वरुण धवन जैसे स्टार्स के साथ कंधे से कंधा मिलाकर काम किया और दर्शकों की खूब तालियां बटोरीं.
आने वाले बड़े प्रोजेक्ट्स
दिलजीत की झोली में अभी कई बड़ी फिल्में हैं. वे जल्द ही इम्तियाज अली की फिल्म ‘मैं वापस आऊंगा’ में नजर आएंगे, जिसमें उनके साथ नसीरुद्दीन शाह और शारवरी वाघ जैसे कलाकार होंगे. इसके अलावा उनके वर्ल्ड टूर भी लगातार चर्चा में बने हुए हैं.