Thalapathy Vijay Jana Nayagan Release Date: साउथ सुपरस्टार थलपति विजय के फैंस के लिए लंबे इंतजार के बाद एक राहत भरी खबर सामने आ रही है. पिछले कुछ समय से विवादों और सेंसर बोर्ड की अड़चनों में फंसी फिल्म ‘जन नायकन’ (Jana Nayagan) अब आखिरकार रिलीज की दहलीज पर है. पोंगल के मौके पर रिलीज होने वाली इस फिल्म ने फैंस को बहुत इंतजार कराया है. हालांकि अब यह जल्द सिनेमाघरों में धमाका करने के लिए तैयार है. अगर आप भी फिल्म की रिलीज का इंतजार कर रहे थे, तो चलिए जानते हैं कब सिनेमाघरों में दस्तक देगी ये फिल्म…
अप्रैल के अंत में होगी रिलीज
फिल्म को लेकर एक ताजा रिपोर्ट के अनुसार, ‘जन नायकन’ के मेकर्स अब 24 अप्रैल या 30 अप्रैल की तारीखों पर विचार कर रहे हैं. सेंसरशिप से जुड़ी कानूनी बाधाएं अब लगभग सुलझ चुकी हैं. अगर सब कुछ योजना के अनुसार रहा, तो अप्रैल का आखिरी हफ्ता थलपति विजय के नाम रहने वाला है.
सेंसर बोर्ड और राजनीतिक डायलॉग्स का पेंच
फिल्म की रिलीज में देरी की सबसे बड़ी वजह इसके पॉलिटिकल सीन और तीखे डायलॉग्स रहे हैं. शुरुआती रिव्यू के बाद सेंसर बोर्ड ने कुछ आपत्तिजनक दृश्यों पर सवाल उठाए थे, जिसके बाद फिल्म को दोबारा मुंबई में री-सेंसरशिप कमेटी के पास भेजा गया. फिल्म की गहन जांच के कारण सर्टिफिकेट मिलने में उम्मीद से ज्यादा समय लग गया.
चुनाव और आचार संहिता का असर
तमिलनाडु में होने वाले विधानसभा चुनावों के कारण भी फिल्म की राह में मुश्किलें आईं. राज्य में 23 अप्रैल को वोटिंग होनी है और आचार संहिता लागू होने की वजह से अधिकारियों ने चुनाव के दौरान फिल्म को सर्टिफिकेट देने या रिलीज करने के खिलाफ सलाह दी थी. यही कारण है कि मेकर्स ने अब मतदान प्रक्रिया खत्म होने के बाद फिल्म लाने का मन बनाया है.
एच. विनोद और अनिरुद्ध की सुपरहिट जोड़ी
इस फिल्म का निर्देशन मशहूर डायरेक्टर एच. विनोद ने किया है, जो अपनी रियलिस्टिक और थ्रिलर फिल्मों के लिए जाने जाते हैं. फिल्म का संगीत सेंसेशन अनिरुद्ध रविचंदर ने तैयार किया है, जिनके गानों का फैंस को बेसब्री से इंतजार है. विजय और अनिरुद्ध की जोड़ी पहले भी कई ब्लॉकबस्टर दे चुकी है.
दमदार स्टारकास्ट और विलेन का अवतार
‘जन नायकन’ में थलपति विजय के साथ पूजा हेगड़े मुख्य भूमिका में हैं. वहीं, बॉलीवुड एक्टर बॉबी देओल इस फिल्म में एक खूंखार विलेन के रूप में नजर आएंगे. इनके अलावा प्रकाश राज, गौतम वासुदेव मेनन और मामिता बैजू जैसे टैलेंटेड कलाकार भी फिल्म की शोभा बढ़ा रहे हैं.