---विज्ञापन---
कौन थीं दिव्यांका सिरोही? जिनकी 30 साल की उम्र में हार्ट अटैक से हुई मौत
हरियाणवी मनोरंजन जगत और उनके प्रशंसकों के लिए यह बेहद दुखद खबर है. मशहूर अभिनेत्री और सोशल मीडिया स्टार दिव्यांका सिरोही का महज 30 वर्ष की उम्र में हार्ट अटैक के कारण निधन हो गया है. अपनी एनर्जेटिक परफॉर्मेंस और गानों के जरिए ऑडियंस के दिलों में जगह बनाने वाली इस युवा आर्टिस्ट का अचानक जाना पूरी इंडस्ट्री के लिए एक बड़ा झटका है.
कौन थीं दिव्यांका?- दिव्यांका का जन्म 19 नवंबर 1996 को हुआ था. वे बुलंदशहर की रहने वाली थीं. एक कलाकार होने के साथ-साथ वे एजुकेटेड भी थीं. उन्होंने चौधरी चरण सिंह यूनिवर्सिटी से बीसीए किया था और बाद में सिक्किम से एमबीए की डिग्री प्राप्त की थी.
टिकटॉक से मिली पहचान- उनके करियर की शुरुआत टिकटॉक से हुई थी. एक फेस्टिवल के दौरान बनाया गया उनका डांस वीडियो, जिसमें उन्होंने सुनंदा शर्मा के फेमस गाने पर परफॉर्मेंस दी थी, रातों-रात वायरल हो गया था. इसी वीडियो ने उनके लिए इंडस्ट्री के दरवाजे खोल दिए.
हरियाणवी इंडस्ट्री में नाम- धीरे-धीरे दिव्यांका हरियाणवी म्यूजिक इंडस्ट्री का एक बड़ा चेहरा बन गईं. उन्होंने कई मशहूर म्यूजिक एल्बम्स में काम किया. सिंगर मासूम शर्मा के साथ उनकी जुगलबंदी को ऑडियंस ने काफी सराहा था और वे कई हिट गानों का हिस्सा रहीं.
सोशल मीडिया स्टार- दिव्यांका की लोकप्रियता का अंदाजा उनके इंस्टाग्राम अकाउंट से लगाया जा सकता है, जहाँ उनके 1.3 मिलियन से अधिक फॉलोअर्स थे. वे सोशल मीडिया के जरिए अपने प्रशंसकों से जुड़ी रहती थीं और अपनी सादगी व डांस के लिए जानी जाती थीं.
इंडस्ट्री में शोक की लहर- दिव्यांका के निधन की खबर सुनते ही सोशल मीडिया पर शोक का माहौल छा गया. कई कलाकारों और सहयोगियों ने उन्हें श्रद्धांजलि दी है. इतनी कम उम्र में इस तरह अचानक दुनिया को छोड़ जाना उनके परिवार और चाहने वालों के लिए एक अपूरणीय क्षति है.