---विज्ञापन---

‘गंदे वॉइस नोट…’ , Dhurandhar की इस एक्ट्रेस को मिल रही हैं सोशल मीडिया पर धमकियां, ट्रोलिंग पर बोलीं- ‘कोई रोबोट नहीं..’

धुरंधर सिनेमाघरों में 5 दिसंबर 2025 को रिलीज हुई थी. फिल्म बॉक्स ऑफिस पर ब्लॉकबस्टर हिट रही और लोगों इस मूवी ने 1300 करोड़ से ज्यादा का कलेक्शन किया. फिल्म में रणवीर सिंह, सारा अर्जुन, सौम्या टंडन, आयशा खान और क्रिस्टल डिसूजा जैसी एक्ट्रेस भी नजर आई हैं.

वहीं, इस फिल्म में डांस नंबर 'शरारत' ने भी सोशल मीडिया पर जमकर धूम मचाई है. इस गाने में आयशा खान और क्रिस्टल डिसूजा नजर आईं थी. गाने को लेकर आयशा ने अपना एक्सपीरियंस बीते इंटरव्यू में शेयर किया था और उन्होंने बताया था कि पीरियड्स के दौरान उन्होंने यह गाना शूट किया था. जिसपर उन्हें जमकर ट्रोलिंग का सामना करना पड़ा था.

हाल ही में आयशा ने एक चौंकाने वाला खुलासा किया है कि ऑनलाइन उन्हें बहुत गंदे-गंदे मैसेज, वॉइस नोट्स, रेप की धमकियां मिल रही हैं. यहां तक कि अगर वो सिंपल और साधारण कपड़े पहनती हैं तब भी और अगर वो स्कर्ट या टॉप पहनती हैं तब भी लोगों को दिक्कत होती है.

दरअसल, 'मोजो स्टोरी' को दिए इंटरव्यू में जब एक्ट्रेस से पूछा गया कि क्या उन्हें रेप की धमकियां मिलती हैं. इसपर एक्ट्रेस ने कहा, " हां हर रोज. मैं अभी अपना फोन खोलकर आपको दिखा सकती हूं. दुख की बात तो ये है कि अब रेप की धमकियां देना आम हो गया है. लोग इसपर बात करते हैं, सवाल पूछते हैं, लेकिन कुछ होता नहीं है."

आयशा ने आगे इन धमकियों से लगने वाले डर को लेकर बात की. उन्होंने कहा, " मुझे तो ये सोच सोचकर डर लगता है कि ये धमकियां देने वाले, ये ट्रोल करने वाले कोई रोबोट नहीं है, बल्कि हमारे आसपास रहने वाले इंसान ही हैं. अगर उनके पास ताकत होती तो असल में सिर्फ धमकी नहीं देते, वैसा ही करते जैसा वो लिख रहे हैं."

इस बीच एक्ट्रेस ने एक पुराने इंसीडेंट के बारे में भी बात की, जब उनके साथ रेप की कोशिश की गई थी. उस घटना को याद करते हुए उन्होंने कहा, " कभी-कभी ये ऑनलाइन कमेंट्स उन पुराने घाव को फिर से कुरेद देते हैं, जिन्हें मैं भूलना चाहती हूं. मुझे डर लगता है कि अगर मैं इतनी फेमस न होती तो शायद ऐसी घटना मेरे साथ दोबारा हो सकती थी." पुरानी बातों को याद करते वक्त आयशा काफी इमोशनल नजर आईं.

आयशा के साथ इस तरह की घटना का अंत यही नहीं हुआ. उन्होंने शूटिंग के दौरान घटे एक इंसीडेंट के बारे में और खुलासा किया. उन्होंने बताया कि, " एक बार मैं फिल्म की शूटिंग कर रही थी और मेरे पिता भी साथ थे. शूटिंग के दौरान हर रोज इंस्टाग्राम पर गंदे वॉइस नोट्स और मैसेज आते थे. लेकिन एक दिन पता चला कि ये गंदे वॉइस नोट्स और मैसेज भेजने वाला कोई और नहीं बल्कि सेट पर काम करने वाला स्पॉटबॉय है." जिसके बाद उन्होंने स्पॉट बॉय की इस हरकत की जानकारी अपने पिता और प्रोडक्शन को दी. जिसके बाद उसके खिलाफ प्रोडक्शन ने एक्शन लिया.

First published on: Mar 05, 2026 01:59 PM

Get Breaking News First and Latest Updates from India and around the world on News24. Follow News24 on Facebook, Twitter.