---विज्ञापन---
राम के किरदार में इन एक्टर्स ने रचा इतिहास, क्या रणबीर कपूर तोड़ पाएंगे इनका रिकॉर्ड?

भारतीय सिनेमा और टेलीविजन के इतिहास में 'रामायण' की गाथा को कई बार पर्दे पर उतारा गया है. अब निर्देशक नितेश तिवारी की आगामी फिल्म में रणबीर कपूर भगवान राम की भूमिका निभाने के लिए तैयार हैं, जिसका टीजर आज (2 अप्रैल) रिलीज हो गया है. रणबीर से पहले भी कई दिग्गज अभिनेताओं ने इस मर्यादित और चुनौतीपूर्ण किरदार को पर्दे पर जीवंत किया है.

अरुण गोविल (रामानंद सागर की 'रामायण')- जब भी भगवान राम के फिल्मी स्वरूप की बात आती है, सबसे पहला नाम अरुण गोविल का ही आता है. 80 के दशक में आए इस धारावाहिक ने उन्हें घर-घर में भगवान की तरह पूजनीय बना दिया था. दिलचस्प बात यह है कि नितेश तिवारी की नई 'रामायण' में अरुण गोविल अब राजा दशरथ की भूमिका में नजर आएंगे.

प्रभास (आदिपुरुष - 2023)- साउथ सुपरस्टार प्रभास ने साल 2023 में आई मेगा-बजट फिल्म 'आदिपुरुष' में राघव (राम) का किरदार निभाया था. हालांकि, फिल्म के वीएफएक्स और आधुनिक संवादों के कारण इसकी काफी आलोचना हुई और यह बॉक्स ऑफिस पर सफल नहीं रही. इस फिल्म में उनके साथ कृति सैनन (सीता) और सैफ अली खान (रावण) नजर आए थे.

गुरमीत चौधरी (रामायण - 2009)- साल 2009 में टीवी पर एक बार फिर 'रामायण' को नए अंदाज में पेश किया गया, जिसमें गुरमीत चौधरी ने भगवान राम की भूमिका निभाई. इस शो में उनके अपोजिट देबिना बनर्जी (सीता) थीं. इस जोड़ी को दर्शकों ने इतना पसंद किया कि बाद में असल जिंदगी में भी दोनों ने विवाह कर लिया.

एनटी रामा राव (संपूर्ण रामायणम - 1958)- साउथ फिल्म इंडस्ट्री के दिग्गज और महान अभिनेता एनटी रामा राव ने साल 1958 की तमिल फिल्म 'संपूर्ण रामायणम' में भगवान राम का किरदार निभाया था. उनकी सात्विक एक्टिंग और प्रभावशाली व्यक्तित्व ने उस दौर के दर्शकों पर गहरी छाप छोड़ी थी.

जूनियर एनटीआर (बाला रामायणम - 1997)- अपने दादा एनटी रामा राव की विरासत को आगे बढ़ाते हुए जूनियर एनटीआर ने भी भगवान राम की भूमिका निभाई है. महज 14 साल की उम्र में उन्होंने फिल्म 'बाला रामायणम' में राम का किरदार निभाया था. इस फिल्म को सर्वश्रेष्ठ बाल फिल्म के लिए नेशनल अवॉर्ड से भी नवाजा गया था.

जितेंद्र (लव कुश - 1997)- बॉलीवुड के 'जंपिंग जैक' कहे जाने वाले अभिनेता जितेंद्र ने भी साल 1997 की फिल्म 'लव कुश' में भगवान राम का शांत और गंभीर किरदार निभाया था. इस फिल्म में उनके साथ जयाप्रदा माता सीता की भूमिका में थीं और उनकी एक्टिंग को काफी सराहना मिली थी.