---विज्ञापन---
कौन हैं भीम वकानी जिनके निधन पर दुखी हुए ‘जेठालाल’, असित मोदी की बातों ने तो चीर दिया कलेजा

बॉलीवुड के एक ऐसा दिग्गज जिन्होंने सलमान खान से लेकर शाहरुख खान तक के साथ काम किया और अपने एक्टिंग और टैलेंट से लोगों के दिलों में बस गए, आज उस सितारे ने इस दुनिया को अलविदा कह दिया है, उनके जाने से परिवार और फैंस दुखी हैं.

पॉपुलर टीवी शो 'तारक मेहता का उल्टा चश्मा' में भी अपनी कॉमिक टाइमिंग से इस सितारे ने सबको खूब गुदगुदाया था, इतना ही नहीं इस शो की जान कही जाने वाली दयाबेन का किरदार निभाकर घर-घर में पहचान बनाने वाली दिशा वकानी के पिता और जाने-माने कलाकार थे भीम वकानी, जिनका 84 साल की उम्र में मंगलवार को निधन हो गया. उनके इस तरह से जाने से टीवी और फिल्म इंडस्ट्री में शोक की लहर दौड़ गई.

भीम वकानी सिर्फ एक एक्टर ही नहीं, बल्कि बेहतरीन पेंटर और डायरेक्टर भी थे. उन्होंने गुजराती थिएटर में लंबे समय तक काम किया, और अपनी कला से खास पहचान बनाई.

फिल्मों में भी उनका योगदान रहा. वो 'लगान' में नजर आए थे, जहां उनका छोटा लेकिन यादगार किरदार था. इसके अलावा 'स्वदेस' और 'लज्जा' जैसी फिल्मों में भी उन्होंने काम किया था.

शो के प्रोड्यूसर असित कुमार मोदी ने उनके निधन की पुष्टि करते हुए, गहरा दुख जताया. उन्होंने कहा, कि भीम वकानी उनके लिए परिवार जैसे थे. असित मोदी ने बताया, कि वे जब भी मुंबई आते थे, उनके घर जरूर मिलते थे, और साथ में समय बिताते थे. उन्होंने भावुक होकर कहा, कि ऐसा लग रहा है, जैसे उनके परिवार का एक हिस्सा हमेशा के लिए चला गया.

वहीं जेठालाल का किरदार निभाने वाले दिलीप जोशी भी इस खबर से बेहद दुखी हैं. उन्होंने कहा, कि भीम वकानी का अपनी बेटी दिशा और बेटे मयूर से खास लगाव था. उन्होंने अपने बच्चों को हमेशा आगे बढ़ने के लिए प्रेरित किया, और दिशा को मुंबई भेजने का फैसला उनके करियर का टर्निंग पॉइंट साबित हुआ.

बताया जाता है, कि दिशा वकानी की सफलता के पीछे उनके पिता का बहुत बड़ा हाथ था. उन्होंने बचपन से ही उन्हें कला और अभिनय की शिक्षा दी और हर कदम पर मार्गदर्शन किया. बहरहाल, भीम वकानी का जाना न सिर्फ उनके परिवार के लिए, बल्कि पूरी इंडस्ट्री के लिए एक बड़ी क्षति है. उनकी कला और योगदान हमेशा याद किए जाएंगे.