---विज्ञापन---

कभी 500 रुपये के कारण बैंक वालों ने बंद किया था इस स्टार का अकाउंट, आज है करोड़ों का मालिक

बॉलीवुड से लेकर साउथ तक, अक्सर देखा गया है कि एक्टर बनने के लिए हर शख्स कड़ी मेहनत करता है. फिल्म इंडस्ट्री में तमाम ऐसे कलाकार भी हैं, जिन्होंने एक बेहतर मुकाम तक पहुंचने के लिए सालों तक काम किया और कड़ी मेहनत से अपना नाम बनाया. वहीं, आज हम एक ऐसे ही एक्टर के बारे में बात करने जा रहे हैं जो साउथ इंडस्ट्री में काफी पॉपुलर हैं. हालांकि एक वक्त ऐसा था जब वह अपने अकाउंट में 500 रुपये भी मेंटेन नहीं कर पाते थे. लेकिन आज वह करोड़ों की संपत्ति के मालिक हैं. तो चलिए जानते हैं उनके बारे में.

विजय देवरकोंडा बर्थडे

दरअसल, हम बात कर रहे हैं विजय देवरकोंडा की, जो कि आज अपना 37वां जन्मदिन मना रहे हैं. एक्टर का जन्म 9 मई 1989 को हैदराबाद में हुआ था. एक्टर के पिता एक टीवी सीरियल डायरेक्टर हुआ करते थे, लेकिन सक्सेस ना मिलने के कारण उन्होंने ये काम छोड़ दिया था.

---Advertisement---

विजय का फिल्मी करियर

विजय ने साल 2011 में आई रवि बाबू की कॉमेडी फिल्म नुव्विला से अपने करियर की शुरुआत की थी. इसके बाद वह लाइफ इज ब्यूटीफुल में दिखे. हालांकि बतौर लीड एक्टर वह फिल्म पेल्ली चूपुलु में नजर आए. इसके बाद वह द्वारका, ये मंत्रम वेसावे, अर्जुन रेड्डी, गीता गोविंदम, डियर कॉमरेड जैसी तमाम फिल्मों में नजर आए.

इस फिल्म ने विजय को बनाया सुपरस्टार

विजय देवरकोंडा आज साउथ फिल्म इंडस्ट्री का जाना माना चेहरा बन चुके हैं. उनकी फैन फॉलोइंग भी बेहद जबरदस्त है. उन्होंने अपने 15 सालों के करियर में एक अलग पहचान बनाई है. हालांकि एक्टर को फिल्म अर्जुन रेड्डी ने साउथ में सुपरस्टार बना दिया था.

---Advertisement---

करोड़ों की संपत्ति के मालिक हैं विजय

एक्टर की संपत्ति को लेकर बात करें तो वह आज रिपोर्ट्स के मुताबिक 70 करोड़ रुपये के मालिक हैं. इतना ही नहीं हैदराबाद के जुबली हिल्स जैसे पॉश इलाके में उनका आलीशान घर है, जिसकी कीमत 15 करोड़ रुपये है. इसके अलावा उनके पास कई लग्जरी गाड़ियां भी हैं. एक्टर के पास BMW जैसी गाड़ियां है, जो कि करोड़ों की है. हालांकि एक वक्त ऐसा भी था जब वह अपने अकाउंट में 500 रुपये भी मैनेज नहीं कर पाते थे.  

500 रुपये मैनेज करना था मुश्किल, आज लेते हैं करोड़ो की फीस

एक्टर ने एक इंटरव्यू में बताया था कि एक्टिंग शुरू करने से पहले वह काफी स्ट्रगल कर रहे थे. उन्होंने बताया था कि वह जब सिर्फ 25 साल के थे तो अपने बैंक अकाउंट में 500 रुपये का फिक्स मिनिमम अमाउंट भी नहीं रख पाते थे. जिसके बाद मिनिमम बैलेंस मेंटेन न कर पाने के कारण बैंक वालों ने उनका अकाउंट भी बंद कर दिया था. हालांकि वह आज सुपरस्टार बन चुके हैं. इतना ही नहीं वह एक फिल्म के लिए 12 से 15 करोड़ तक फीस चार्ज करते हैं.

फरवरी में विजय ने रश्मिका से रचाई थी शादी

इन सभी के अलावा एक्टर की पर्सनल लाइफ को लेकर बात करें तो उन्होंने 2026 की फरवरी में एक्ट्रेस रश्मिका मंदाना संग शादी की है. विजय की तरह रश्मिका भी फिल्म इंडस्ट्री का बड़ा नाम है और वह साउथ की सबसे सफल अभिनेत्रियों में से एक हैं. वहीं, शादी के बाद दोनों की तस्वीरें, वीडियो सोशल मीडिया पर जमकर वायरल हुए थे और लोगों ने उन्हें खूब बधाइयां भी दीं.  

First published on: May 09, 2026 08:21 AM

Get Breaking News First and Latest Updates from India and around the world on News24. Follow News24 on Facebook, Twitter.