---विज्ञापन---
फिल्मों से सन्यास ले रहा इंडस्ट्री का ये बड़ा सुपरस्टार, 34 साल में दी हैं 69 फिल्में
सिनेमा की चकाचौंध से निकलकर सत्ता के गलियारों तक का सफर तय करने वाले इस सुपरस्टार का नाम आज हर जुबान पर है. हाल ही में संपन्न हुए तमिलनाडु विधानसभा चुनाव 2026 में उनकी पार्टी तमिलगा वेट्री कझगम (TVK) ने 108 सीटों पर जीत दर्ज कर राजनीतिक पंडितों को खामोश कर दिया है. 51 साल की उम्र में अपनी आखिरी फिल्म 'जन नायकन' के साथ उन्होंने एक्टिंग करियर को विराम दे दिया है. भारत के सबसे महंगे अभिनेताओं में शुमार थलपति विजय, एक फिल्म के लिए 275 करोड़ रुपये तक की फीस लेते थे, अब पूरी तरह से जनसेवा में समर्पित है. चुनावी हलफनामे में उनकी अकूत संपत्ति और आलीशान निवेश की जो जानकारी सामने आई है, वह उनकी रील लाइफ से कम फिल्मी नहीं है.
500 करोड़ से ज्यादा की संपत्ति
चुनाव आयोग को दिए गए हलफनामे के अनुसार, थलपति विजय की कुल संपत्ति 537.73 करोड़ रुपये है. साल 2024-25 के दौरान उनकी सालाना आय 184 करोड़ रुपये रही. उनके बैंक खातों में लगभग 320 करोड़ रुपये जमा हैं, जबकि उनके पास नकद राशि मात्र 2 लाख रुपये दिखाई गई है.
करोड़ों का निवेश और एफडी
निवेश के मामले में भी थलपति विजय काफी समझदार रहे हैं. उन्होंने अलग-अलग बैंकों में भारी निवेश किया है, जिसमें इंडियन बैंक में 25 करोड़, एक्सिस बैंक में 40 करोड़ और एचडीएफसी बैंक में 20 करोड़ रुपये की एफडी (FD) शामिल है. इसके अलावा उनके पास सोने के कीमती गहनों का भी बड़ा संग्रह है.
लग्जरी कारों का काफिला और मोपेड का शौक
एक्टर को लग्जरी गाड़ियों का बेहद शौक है. उनके गैरेज में 3 करोड़ की टोयोटा लेक्सस, दो बीएमडब्ल्यू, एक टोयोटा वेलफायर और एक मारुति स्विफ्ट खड़ी है. दिलचस्प बात यह है कि उनके पास एक साधारण टीवीएस एक्सएल सुपर मोपेड भी है. उनके इस कार कलेक्शन की कुल कीमत 7.45 करोड़ रुपये के करीब है.
चेन्नई में रियल एस्टेट का साम्राज्य
चेन्नई के पॉश इलाकों में थलपति विजय की तगड़ी पकड़ है. उनके पास चेन्नई के 10 अलग-अलग इलाकों में आलीशान घर और व्यावसायिक संपत्तियां हैं. उनकी पत्नी संगीता सोर्नालिंगम के पास भी करीब 15.51 करोड़ रुपये की चल संपत्ति है, जिसमें सोना, चांदी और हीरे शामिल हैं. हालांकि, फिलहाल इस पावर कपल के तलाक का मामला कोर्ट में चल रहा है.
फिल्मों से संन्यास और 'सीएम' की रेस
फिल्मों और ब्रांड एंडोर्समेंट के जरिए करीब 600 करोड़ रुपये की कमाई करने वाले थलपति विजय ने अब अपनी राहें बदल ली हैं. फिल्मों से सन्यास की घोषणा वह पहले ही कर चुके हैं. हालांकि उनकी आखिरी फिल्म 'जन नायकन' अभी रिलीज नहीं हुई है. चुनाव में अपनी पार्टी के शानदार प्रदर्शन के बाद, वह अब तमिलनाडु के अगले मुख्यमंत्री बनने की दौड़ में सबसे आगे माने जा रहे हैं.