---विज्ञापन---
भतीजी की शादी में शामिल नहीं हो पाएंगे Rajpal Yadav? तिहाड़ जेल से रिहाई को लेकर हाईकोर्ट के फैसले पर सबकी नजरें

शाहजहांपुर स्थित राजपाल यादव के गांव कुंडरा में इन दिनों एक अजीब सा विरोधाभास देखने को मिल रहा है. एक तरफ घर में शहनाइयों की गूंज और शादी की तैयारियां हैं, तो दूसरी तरफ परिवार के सबसे लाडले सदस्य राजपाल यादव के जेल में होने का सन्नाटा भी है. राजपाल की भतीजी की शादी 19 फरवरी 2026 को तय है, लेकिन एक्टर की रिहाई पर अब भी सस्पेंस बरकरार है.

गांव में जश्न की तैयारियां- राजपाल यादव के बड़े भाई श्रीपाल यादव की बेटी की शादी के लिए शाहजहांपुर के कुंडरा गांव में जोर-शोर से तैयारियां चल रही हैं. घर की सजावट और व्यवस्थाओं के लिए 50 से ज्यादा मजदूर दिन-रात काम कर रहे हैं. गांव में ढोल-नगाड़े बज रहे हैं, लेकिन परिवार की आंखें बार-बार दरवाजे की तरफ उठ रही हैं, इस उम्मीद में कि शायद 'राजपाल' वापस आ जाएं.

जमानत की पहली कोशिश रही नाकाम- 9 करोड़ रुपये के चेक बाउंस मामले में 5 फरवरी को सरेंडर करने वाले राजपाल यादव ने भतीजी की शादी में शामिल होने के लिए कोर्ट से जमानत की गुहार लगाई थी. हालांकि, 12 फरवरी को दिल्ली हाई कोर्ट ने उन्हें झटका देते हुए जमानत याचिका खारिज कर दी. कोर्ट ने सख्त लहजे में कहा कि "कानून सबके लिए बराबर है" और वादे पूरे न करने के कारण उन्हें कोई राहत नहीं दी जा सकती.

16 फरवरी को उम्मीद की आखिरी किरण- राजपाल यादव के लिए अब 16 फरवरी (सोमवार) का दिन बेहद निर्णायक है. इस दिन कोर्ट दोबारा उनकी जमानत याचिका पर सुनवाई करेगा. परिवार और प्रशंसकों को उम्मीद है कि शायद मानवीय आधार पर या बकाया राशि के भुगतान के वादे पर उन्हें शादी में शामिल होने की अनुमति मिल जाए. 19 फरवरी को होने वाली शादी में उनकी मौजूदगी इसी फैसले पर टिकी है.

"राजपाल के बिना अधूरा है जश्न"- बड़े भाई श्रीपाल यादव का कहना है कि राजपाल ही उनके परिवार की जान हैं और शादी के मुख्य आकर्षण भी. उनके बिना शादी की खुशियां अधूरी लग रही हैं. पूरा परिवार और गांव वाले भगवान से प्रार्थना कर रहे हैं कि सोमवार को फैसला राजपाल के पक्ष में आए.

बॉलीवुड का समर्थन और कानूनी पेंच- भले ही सलमान खान, सोनू सूद और अजय देवगन जैसे सितारे राजपाल की मदद के लिए हाथ आगे बढ़ा रहे हैं, लेकिन कानूनी प्रक्रिया अपनी गति से चल रही है. 16 फरवरी की सुनवाई में यह देखा जाएगा कि क्या राजपाल यादव को अपनी भतीजी की शादी में शामिल होने के लिए बेल मिलेगी या नहीं.