---विज्ञापन---
OTT पर इस हफ्ते तहलका मचाएंगी ये तगड़ी फिल्में और सीरीज, घर बैठे मिलेगा फुल एंटरटेनमेंट

ओटीटी प्रेमियों के लिए मार्च का अंत और अप्रैल की शुरुआत किसी उत्सव से कम नहीं होने वाली है. 30 मार्च से 6 अप्रैल के बीच नेटफ्लिक्स, प्राइम वीडियो और सोनी लिव जैसे प्लेटफॉर्म्स पर रोमांच, कॉमेडी और सस्पेंस का महासंगम होने जा रहा है. आमिर खान की फिल्म से लेकर रवि किशन की कानूनी उठापटक तक, इस हफ्ते मनोरंजन का भरपूर डोज मिलने वाला है.

हैप्पी पटेल: खतरनाक जासूस (नेटफ्लिक्स - 1 अप्रैल)- वीर दास के निर्देशन में बनी यह एक शानदार स्पाई-कॉमेडी फिल्म है. अगर आप जासूसी के साथ-साथ ठहाके लगाना चाहते हैं, तो 'हैप्पी पटेल' आपके लिए बेस्ट चॉइस है. इसमें एक्शन और कॉमेडी का अनोखा तड़का देखने को मिलेगा.

मामला लीगल है सीजन 2 (नेटफ्लिक्स - 3 अप्रैल)- पटपड़गंज जिला न्यायालय के वकीलों की टोली वापस आ गई है. इस सीजन का सबसे बड़ा ट्विस्ट यह है कि रवि किशन (वीडी त्यागी) अब वकील से जज की कुर्सी पर बैठ गए हैं. कानूनी दांव-पेंच और देसी कॉमेडी से भरपूर यह सीरीज 3 अप्रैल को स्ट्रीम होगी.

सितारे जमीन पर (सोनी लिव - 3 अप्रैल)- आमिर खान और जेनेलिया डिसूजा स्टारर यह कॉमेडी-ड्रामा फिल्म साल 2025 में बड़े पर्दे पर आई थी. आर.एस. प्रसन्ना के निर्देशन में बनी यह फिल्म अब 3 अप्रैल से सोनी लिव पर घर बैठे देखी जा सकती है.

वध 2 (नेटफ्लिक्स - 3 अप्रैल)- नीना गुप्ता और संजय मिश्रा की जोड़ी एक बार फिर सस्पेंस थ्रिलर के साथ तैयार है. फिल्म की कहानी शिवपुरी जिला जेल से एक अपराधी के रहस्यमयी तरीके से गायब होने के इर्द-गिर्द घूमती है. 'वध' के पहले पार्ट की सफलता के बाद इसके दूसरे सीजन से काफी उम्मीदें हैं.

मृत्युंजय (नेटफ्लिक्स - 3 अप्रैल)- 6 मार्च को सिनेमाघरों में रिलीज हुई श्री विष्णु की एक्शन-थ्रिलर फिल्म 'मृत्युंजय' अब ओटीटी पर आ रही है. जिन दर्शकों ने इसे थिएटर में मिस कर दिया था, वे अब 3 अप्रैल से इसे नेटफ्लिक्स पर देख सकते हैं.

मां का सम (अमेजन प्राइम वीडियो - 3 अप्रैल)- मोना सिंह और मिहिर आहूजा स्टारर यह सीरीज एक 19 साल के मैथ जीनियस बेटे और उसकी मां के रिश्तों की अनूठी कहानी है. यह इमोशनल और दिलचस्प ड्रामा 3 अप्रैल को प्राइम वीडियो पर दस्तक देगा.

XO किट्टी सीजन 3- युवाओं का पसंदीदा यह शो 2 अप्रैल को नेटफ्लिक्स पर रिलीज होगा. कोरियन सीरीज और ड्रामा के शौकीनों के लिए यह काफी जबरदस्त ऑप्शन है.

ब्लडहाउंड्स सीजन 2- जबरदस्त एक्शन वाली यह कोरियन सीरीज 3 अप्रैल को नेटफ्लिक्स पर वापसी कर रही है.

भाभी जी घर पर हैं: फन द रन (जी5 - 3 अप्रैल)- हल्की-फुल्की कॉमेडी पसंद करने वालों के लिए 'भाभी जी घर पर हैं, फन द रन' 3 अप्रैल को ZEE5 पर रिलीज हो रही है. थिएटर में इसे मिला-जुला रिस्पॉन्स मिला था, अब देखना है ओटीटी पर यह क्या कमाल करती है.