---विज्ञापन---
18 करोड़ का मंडप, 1 करोड़ की साड़ी, इस स्टार कपल की शादी में पानी की तरह बहा पैसा, जितने में बन जाती बिग बजट फिल्म

साउथ सुपरस्टार की 2011 में हुई शादी अपनी भव्यता और खूबसूरती को लेकर आज भी चर्चा में रहती है. इस शादी में तकरीबन 100 करोड़ रुपये का खर्च आया था. जिसके मंडप की सजावट पर ही 18 करोड़ रुपये खर्च हुए थे, जबकि दुल्हन की साड़ी की कीमत 1 करोड़ रुपये से ज्यादा बताई जाती है, इस शादी का बजट किसी बिग बजट फिल्म से कम नहीं था.

साउथ सिनेमा के सुपरस्टार जूनियर एनटीआर की शादी आज भी इंडस्ट्री की सबसे भव्य शादियों में गिनी जाती है. साल 2011 में उन्होंने उद्योगपति परिवार से ताल्लुक रखने वाली लक्ष्मी प्रणति के साथ सात फेरे लिए थे, लेकिन इस शादी की चर्चा सिर्फ उनके रिश्ते की वजह से नहीं, बल्कि इसके मेगा बजट के कारण भी हुई.

करीब 100 करोड़ रुपये में हुई इस शाही शादी ने उस समय हर किसी को चौंका दिया था. ये रकम इतनी बड़ी थी, कि उस दौर की कई बिग बजट फिल्मों के बराबर मानी गई. शादी का मंडप ही अपने आप में एक मिसाल था. बताया जाता है, कि इसकी सजावट पर ही लगभग 18 करोड़ रुपये खर्च कर दिए गए थे. भव्य सेट, शानदार लाइटिंग और राजसी थीम ने इस समारोह को किसी फिल्मी सेट जैसा बना दिया था.

दुल्हन का लुक भी उतना ही चर्चा में रहा. लक्ष्मी प्रणति ने खासतौर पर तैयार की गई कांचीपुरम सिल्क साड़ी पहनी थी, जिसमें सोने के धागों का काम किया गया था. इस साड़ी की कीमत 1 करोड़ रुपये से ज्यादा बताई जाती है. वहीं दूल्हे का शाही अंदाज भी किसी स्टार इवेंट से कम नहीं था.

शादी में करीब 3000 वीवीआईपी मेहमान शामिल हुए थे, जिनमें फिल्म और राजनीति जगत की कई बड़ी हस्तियां मौजूद थीं. इसके अलावा 1000 से ज्यादा फैंस भी इस भव्य समारोह का हिस्सा बने. खाने-पीने से लेकर मेहमाननवाजी तक, हर चीज को बेहद खास और लग्जरी रखा गया था.

हालांकि, इस शाही शादी से पहले एक विवाद भी जुड़ा था. दरअसल, जब जूनियर एनटीआर और लक्ष्मी की सगाई हुई थी, तब लक्ष्मी नाबालिग थीं. इस पर कानूनी आपत्ति भी दर्ज हुई थी, लेकिन अभिनेता ने समझदारी दिखाते हुए शादी को टाल दिया, और लक्ष्मी के 18 साल के होने का इंतजार किया. इसके बाद 2011 में दोनों ने पूरे रीति-रिवाजों के साथ शादी की.

आज ये कपल खुशहाल शादीशुदा जिंदगी जी रहा है, और दो बच्चों के माता-पिता हैं. जूनियर एनटीआर की ये शादी आज भी एंटरटेनमेंट इंडस्ट्री में शाही खर्च और भव्यता की मिसाल के तौर पर याद की जाती है.