---विज्ञापन---
29वें बर्थडे पर नंगे पांव तिरुमाला मंदिर पहुंची Janhvi Kapoor, 3,350 सीढ़ियां चढ़कर लिया श्री वेंकटेश्वर स्वामी का आशीर्वाद

जाह्नवी कपूर बॉलीवुड की जानी मानी एक्ट्रेस हैं. साल 2018 में उन्होंने अपने करियर की शुरुआत की थी. वह पहली बार फिल्म धड़क में नजर आईं थी, जो कि हिट रही थी. इसके बाद उन्होंने तमाम फिल्में की, जिसमें से कुछ हिट रहीं तो कुछ फ्लॉप.

जाह्नवी सुपरस्टार श्रीदेवी और बोनी कपूर की बेटी हैं और इसी कारण अक्सर ही उनपर शानदार एक्टिंग का प्रेसर रहा है. कई बार वह खराब परफॉर्मेंस को लेकर ट्रोल भी हुई हैं. वहीं, आज एक्ट्रेस अपना 29वां जन्मदिन मना रही हैं. 6 मार्च 1997 को जन्मी जाह्नवी फिल्मी बैकग्राउंड से ताल्लुक रखती हैं. एक्ट्रेस अपने बर्थडे के मौके पर भगवान वेंकटेश्वर के दर्शन करने पहुंची है.

दरअसल, जाह्नवी कपूर की तिरुमाला मंदिर में गहरी आस्था है. वह अक्सर ही भगवान वेंकटेश्वर के दर्शन के लिए जाती रहती हैं और अपने 29वें जन्मदिन के मौके पर वह एक बार फिर से नंगे पांव 3,350 सीढ़ियां चढ़कर भगवान का आशीर्वाद लेने पहुंची हैं. जिसके वीडियो और फोटोज भी सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हो रही हैं. इस बीच मंदिर के दर्शन के लिए जा रहे तमाम श्रद्धालुओं ने भी मुलाकात की और फोटोज क्लिक करवाई.

जाह्नवी वायरल वीडियो में तिरुमाला मंदिर नंगे पांव जा रही हैं. एक्ट्रेस इस दौरान सिंपल येलो कलर के सूट में दिख रही हैं. वह लगातार सीढ़ियां चढ़ते हुए, कानों में हेडफोन लगाए नजर आ रही हैं. जाह्नवी बिना मेकअप के दिखाई दे रही हैं. बता दें कि यह कोई पहली बार नहीं है जब वह मंदिर में इस तरह दर्शन के लिए पहुंची हैं. इससे पहले भी उन्हें कई बार देखा गया. वह एक बार अपने बॉयफ्रेंड शिखर पहाड़िया के साथ और बहन खुशी के साथ भी मंदिर जा चुके हैं.

काम को लेकर बात करें तो वह आखिरी बार फिल्म सनी संस्कारी तुलसी कुमार में नजर आईं थी, जिसमें जाह्नवी के साथ वरुण धवन, सान्या मल्होत्रा और रोहित श्रॉफ दिखाई दिए थे. फिल्म बॉक्स ऑफिस पर कुछ खास कमाल नहीं कर पाई थी. जल्द ही जाह्नवी बुची बाबू सना की निर्देशित फिल्म पेड्डी में नजर आने वाली हैं. जिसमें वह राम चरण के अपोजिट काम करेंगी. फिल्म में शिव कुमार, दिव्येंदु शर्मा और जगपति बाबू भी नजर आएंगे. फिल्म 30 अप्रैल को सिनेमाघरों में रिलीज होगी.

इन सभी के अलावा जाह्नवी के हाथ में कई और भी प्रोजेक्ट्स हैं, जिसमें वो दिखाई देंगी. पेड्डी के अलावा वह दोस्ताना 2 में दिखेंगी, जिसकी फिलहाल शूटिंग जारी है. साथ ही वह कर्ण, संडे, लग जा गले समेत कई प्रोजेक्ट में दिखेंगी. जिसपर अभी काम चल रहा है.