---विज्ञापन---
पाकिस्तान में बनेगी ‘धुरंधर 3’! असली जमील जमाली का बड़ा ऐलान, बोले- ‘दिखाऊंगा ल्यारी का सच’

फिल्म 'धुरंधर 2' की सफलता के बीच अब एक नया विवाद सामने आ गया है. पाकिस्तान के नेता नबील गबोल ने दावा किया है, कि वो 'धुरंधर 3' जैसी फिल्म बनाकर अपनी कहानी दुनिया के सामने लाएंगे. उनका कहना है, कि फिल्मों में दिखाया गया किरदार और असली हकीकत में काफी फर्क है.

दरअसल, 'धुरंधर 2' में दिखाया गया जमील जमाली का किरदार काफी चर्चा में है, जिसे अभिनेता राकेश बेदी ने निभाया है. गबोल का मानना है, कि ये किरदार उनसे इंस्पायर्ड है, खासकर उस दौर से जब वो कराची के ल्यारी इलाके से नेशनल असेंबली के सदस्य (MNA) थे.

हालांकि, राकेश बेदी ने साफ किया, कि उनका किरदार किसी एक व्यक्ति पर आधारित नहीं, बल्कि पाकिस्तानी नेताओं की एक सामान्य छवि है. हाल ही में एक कंटेंट क्रिएटर से बातचीत में गबोल ने फिल्म में अपने जैसे दिखाए गए, किरदार पर नाराजगी जताई.

उन्होंने कहा, कि जिस तरह से कहानी में ट्विस्ट देकर कैरेक्टर को इंटेलिजेंस ऑपरेटिव दिखाया गया है, वो पूरी तरह गलत है. गबोल के मुताबिक, 'असलियत कुछ और है, जिसे अब दुनिया को दिखाने की जरूरत है.'

सोशल मीडिया पर हो रही ट्रोलिंग को लेकर भी गबोल ने खुलकर बात की. उन्होंने कहा, कि लोग सवाल कर रहे हैं, कि वो चुप क्यों हैं, लेकिन अब वो फिल्म के जरिए जवाब देंगे. उन्होंने ये भी क्लू दिया, कि वो अपने प्रोजेक्ट का नाम ल्यारी का गब्बर रख सकते हैं, जिसमें वो अपनी नजर से पूरी कहानी पेश करेंगे.

गबोल ने पहले भी 'धुरंधर' फ्रेंचाइजी को लेकर नाराजगी जताई थी. उनका कहना है, कि फिल्म में उनके जैसे किरदार को सही तरीके से नहीं दिखाया गया, और उसकी छवि को कमजोर बना दिया गया.

बता दें, कि आदित्य धर के डायरेक्शन में बनी 'धुरंधर' सीरीज में रणवीर सिंह एक भारतीय जासूस की भूमिका निभा रहे हैं, जो कराची के ल्यारी इलाके में मिशन पर होता हैं. फिल्म में अर्जुन रामपाल, अक्षय खन्ना और संजय दत्त जैसे सितारे भी नजर आए हैं.

'धुरंधर 2' ने बॉक्स ऑफिस पर शानदार प्रदर्शन करते हुए, एक हफ्ते में ही 1000 करोड़ रुपये का आंकड़ा पार कर लिया है. अब देखना दिलचस्प होगा, कि गबोल का ये नया दावा वाकई किसी फिल्म का रूप लेता है या नहीं.